झिमड़ी में धान के फूस में लगी आग, दमकल की तत्परता से टला बड़ा हादसा

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

झिमड़ी में धान के फूस में लगी आग, दमकल की तत्परता से टला बड़ा हादसा

नीमडीह, 11 फरवरी : नीमडीह प्रखंड अंतर्गत झिमड़ी गांव में बुधवार दोपहर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब गणेश गोराई के खलिहान में रखे धान के फूस में अचानक आग लग गई। घटना दोपहर करीब एक बजे की बताई जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार धान के फूस से अचानक धुआं उठता देख ग्रामीण मौके पर पहुंचे, लेकिन देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। ग्रामीणों ने अपने स्तर पर आग बुझाने का भरसक प्रयास किया, परंतु तेज लपटों के कारण वे सफल नहीं हो सके।

इसके बाद तत्काल दमकल विभाग को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही दमकल की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। दमकल कर्मियों की सूझबूझ और त्वरित कार्रवाई से आग को फैलने से रोक लिया गया, जिससे आसपास के घरों और अन्य संपत्ति को नुकसान होने से बचा लिया गया।

घटना में कृषि कार्य के बाद बचाकर रखे गए लगभग 50 हजार रुपये मूल्य के धान के फूस के जलकर नष्ट होने की जानकारी मिली है।

गणेश गोराई ने बताया कि आग लगने के कारणों का अब तक पता नहीं चल सका है। घटना के बाद गांव में एहतियात बरतने की चर्चा तेज हो गई है।

Share This Article