नगरपालिका निर्वाचन में नामांकन के बाद तस्वीर साफ, अध्यक्ष व वार्ड पार्षद पद के लिए सैकड़ों उम्मीदवार मैदान में

सरायकेला, 5 फरवरी : नगरपालिका निर्वाचन 2026 को लेकर नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद जिले में चुनावी तस्वीर स्पष्ट होने लगी है। नामांकन की समीक्षा उपरांत विधिमान्य अभ्यर्थियों की स्थिति संबंधी प्रतिवेदन के अनुसार जिले की विभिन्न नगरपालिकाओं में अध्यक्ष एवं वार्ड पार्षद पद के लिए बड़ी संख्या में उम्मीदवार चुनावी मैदान में हैं।
प्राप्त विवरण के अनुसार आदित्यपुर नगर निगम में महापौर/अध्यक्ष पद के लिए कुल 12 अभ्यर्थी मैदान में हैं, जिनमें 5 महिलाएं शामिल हैं। वहीं वार्ड पार्षद पद के लिए कुल 170 उम्मीदवारों ने नामांकन किया है, जिनमें 81 महिला प्रत्याशी हैं।
कपाली नगर परिषद (वर्ग–ख) में अध्यक्ष पद के लिए कुल 11 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं, जिनमें 2 महिलाएं हैं। यहां वार्ड पार्षद पद के लिए कुल 102 अभ्यर्थियों ने नामांकन किया है, जिनमें 45 महिला उम्मीदवार शामिल हैं।
इसी तरह सरायकेला नगर पंचायत में अध्यक्ष पद के लिए कुल 7 उम्मीदवार मैदान में हैं, जबकि वार्ड पार्षद पद के लिए 34 नामांकन वैध पाए गए हैं। इनमें 15 महिला प्रत्याशी शामिल हैं।
जिला प्रशासन के अनुसार नामांकन की जांच निर्धारित समय सीमा तक पूरी कर ली गई है। अब आगामी चरणों में नाम वापसी एवं चुनाव प्रचार की प्रक्रिया तेज होगी, जिससे नगर निकाय क्षेत्रों में राजनीतिक सरगर्मी और बढ़ने की संभावना है।



