कपाली नप वार्ड-16: कक्षा से जनसेवा तक, शिक्षिका पूजा महतो की उम्मीदवारी ने जगाई बदलाव की आस

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

कपाली नप वार्ड-16: कक्षा से जनसेवा तक, शिक्षिका पूजा महतो की उम्मीदवारी ने जगाई बदलाव की आस

चांडिल, 04 फरवरी : सरायकेला -खरसावां जिले के चांडिल अनुमंडल क्षेत्र अंतर्गत कपाली नगर परिषद के वार्ड-16 में इस बार चुनावी चर्चा का केंद्र बनी हैं शिक्षिका पूजा महतो, जिन्होंने अंतिम दिन सादगी और आत्मविश्वास के साथ अपना नामांकन पर्चा दाखिल किया। अनारक्षित महिला सीट वाले इस वार्ड से उनकी दावेदारी को स्थानीय लोग एक नए सोच और जिम्मेदार नेतृत्व की शुरुआत के रूप में देख रहे हैं।
एक प्रतिष्ठित अंग्रेजी माध्यम विद्यालय में अध्यापन कर रहीं पूजा महतो को क्षेत्र में एक अनुशासित, शिक्षित और संवेदनशील व्यक्तित्व के रूप में जाना जाता है। बच्चों को संस्कार और ज्ञान देने वाली शिक्षिका का राजनीति में कदम रखना, वार्डवासियों के लिए उम्मीदों से भरा संकेत माना जा रहा है।

स्थानीय मतदाताओं का कहना है कि पूजा महतो की पहचान किसी राजनीतिक शोर-शराबे से नहीं, बल्कि उनके व्यवहार, सरलता और सामाजिक जुड़ाव से बनी है। यही कारण है कि उनकी उम्मीदवारी से वार्ड-16 में बदलाव और सकारात्मक राजनीति की चर्चा तेज हो गई है।

नामांकन के बाद पूजा महतो ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि उनका लक्ष्य बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करना है। सड़क, बिजली, पेयजल, नियमित सफाई और कचरा प्रबंधन जैसे मुद्दों को प्राथमिकता बताते हुए उन्होंने कहा कि जनता अब दिखावे नहीं, काम करने वाले प्रतिनिधि को चुनने के मूड में है।
वार्ड-16 में उनकी एंट्री के साथ ही चुनावी माहौल नई दिशा लेता दिख रहा है, जहां शिक्षा, ईमानदारी और सेवा भाव को राजनीति का आधार बनाने की उम्मीद मजबूत होती नजर आ रही है।

Share This Article