स्वच्छ सर्वेक्षण 2025: जमशेदपुर का लक्ष्य 7-स्टार गार्बेज फ्री सिटी

जमशेदपुर, 25 जनवरी : स्वच्छ सर्वेक्षण 2025 की तैयारियों को लेकर जीएम टाउन एवं उप नगर आयुक्त की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में शहर के स्वच्छता प्रदर्शन की समीक्षा की गई। बैठक में नए मूल्यांकन ढांचे पर चर्चा करते हुए जमशेदपुर द्वारा 7-स्टार गार्बेज फ्री सिटी प्रमाणन के लिए आवेदन करने तथा 3 से 7 लाख जनसंख्या वर्ग में स्वच्छतम शहर बनने का लक्ष्य तय किया गया।
अधिकारियों ने कहा कि शहर में स्वच्छता से जुड़ा आधारभूत ढांचा मजबूत है, लेकिन बेहतर रैंकिंग के लिए नागरिकों की सक्रिय सहभागिता आवश्यक है। लोगों से कचरे का स्रोत पर पृथक्करण, खुले में कचरा न फेंकने और स्वच्छता नियमों का पालन करने की अपील की गई।
प्रशासन ने बल्क वेस्ट जनरेटरों, स्कूलों एवं संस्थानों से ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियमों के पालन का आग्रह किया। साथ ही नागरिकों से स्वच्छता प्रयासों को बढ़ावा देकर जमशेदपुर को देश के सबसे स्वच्छ शहरों में शामिल कराने का आह्वान किया गया।



