देवलटांड के गोपाल तालाब से अधेड़ व्यक्ति का शव बरामद, इलाके में सनसनी

ईचागढ़, 22 जनवरी : चांडिल अनुमंडल के ईचागढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत देवलटांड़ गांव स्थित गोपाल तालाब से गुरुवार को एक अधेड़ व्यक्ति का शव बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई। तालाब में शव देखे जाने के बाद स्थानीय ग्रामीणों ने इसकी सूचना तुरंत ईचागढ़ थाना को दी। सूचना मिलते ही ईचागढ़ थाना प्रभारी बजरंग महतो पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों की सहायता से शव को तालाब से बाहर निकलवाया। मृतक की पहचान बासाहातु गांव के टोला रोगली निवासी लगभग 50 वर्षीय नरसिंग पातर उर्फ राजा पीटर के रूप में की गई है। पुलिस ने परिजनों की मौजूदगी में शव की पहचान कराई।
आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सरायकेला सदर अस्पताल भेज दिया गया। थाना प्रभारी बजरंग महतो ने बताया कि मृतक होटल आदि में काम कर जीवन-यापन करता था तथा उसकी मानसिक स्थिति सामान्य नहीं रहती थी। वह अकेला रहता था और उसका ना माता-पिता है और पत्नी व संतान। पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि नरसिंग पातर की मौत दो से चार दिन पहले हुई होगी और संभवतः वह तालाब में डूब गया होगा।
हालांकि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। वहीं घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है। ग्रामीणों ने बताया कि मृतक अक्सर अकेले ही इधर-उधर घूमता रहता था।



