पारा लीगल वालंटियरों ने लीगल लिटरेसी क्लब के माध्यम से नशा मुक्ति पर किया जागरूक

चांडिल, 22 जनवरी : जिला विधिक सेवा प्राधिकार, सरायकेला–खरसावां के सचिव के निर्देशानुसार चांडिल प्रखंड अंतर्गत प्लस टू उच्च विद्यालय, बानसा में लीगल लिटरेसी क्लब के तहत जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में नालसा डॉन योजना 2025 के अंतर्गत नशे के दुष्प्रभावों तथा नशा मुक्त भारत योजना 2025 के संबंध में विद्यार्थियों को जानकारी दी गई।
पारा लीगल वालंटियर वंदना महतो ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि नशा न केवल व्यक्ति के शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य को नुकसान पहुंचाता है, बल्कि परिवार और समाज पर भी इसका नकारात्मक प्रभाव पड़ता है। उन्होंने विद्यार्थियों से नशे से दूर रहने तथा अपने आसपास के लोगों को भी इसके प्रति जागरूक करने की अपील की।
विद्यालय के प्रधानाध्यापक एवं लीगल लिटरेसी क्लब के प्रभारी शिक्षक ने कहा कि पारा लीगल वालंटियरों के माध्यम से छात्रों को कानूनी जानकारी दी जा रही है, जिससे वे अपने अधिकारों एवं कर्तव्यों के प्रति जागरूक हो सकें। यह पहल छात्रों के लिए उपयोगी है और समाज में सकारात्मक बदलाव लाने में सहायक सिद्ध होगी।
कार्यक्रम में पारा लीगल वालंटियर अरुण कुमार महतो उपस्थित रहे। अंत में छात्रों ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए नशा मुक्त भारत के निर्माण में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाने का संकल्प लिया।



