चांडिल पॉलिटेक्निक कॉलेज में “एक राष्ट्र–एक चुनाव” को लेकर हस्ताक्षर अभियान

चांडिल, 21 जनवरी : भारतीय जनता युवा मोर्चा, झारखंड प्रदेश अध्यक्ष शशांक राज के निर्देश पर प्रदेशभर में चलाए जा रहे “एक राष्ट्र–एक चुनाव” जागरूकता अभियान के तहत बुधवार को सरायकेला–खरसावां जिले में कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस क्रम में जिला कार्यक्रम प्रभारी एवं भाजयुमो जिला मंत्री आकाश महतो के नेतृत्व में चांडिल पॉलिटेक्निक कॉलेज परिसर में हस्ताक्षर अभियान चलाया गया।
कार्यक्रम के दौरान युवाओं और छात्रों के बीच “एक राष्ट्र–एक चुनाव” से होने वाले सकारात्मक प्रभावों पर विस्तार से चर्चा की गई। वक्ताओं ने बताया कि एक साथ चुनाव होने से देश में समय, धन और प्रशासनिक संसाधनों की बचत होगी, साथ ही विकास कार्यों में निरंतरता बनी रहेगी। अभियान का उद्देश्य छात्रों को इस विषय पर जागरूक करना और इसके समर्थन में जनमत तैयार करना रहा।
इस अवसर पर भाजपा के नवीन महंती, अभिषेक राम, मिथुन रुहिदास, राहुल पांडे, आयुष पांडे, आदित्य पटेल सहित सामाजिक कार्यकर्ता एवं कॉलेज के सैकड़ों छात्र उपस्थित रहे। कार्यक्रम में उपस्थित युवाओं ने उत्साहपूर्वक हस्ताक्षर कर अभियान का समर्थन किया और जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया।



