नीमडीह के माकूला में ‘यस टू लाइफ, नो टू ड्रग्स’ अभियान के तहत विधिक जागरूकता शिविर आयोजित

नीमडीह, 11 जनवरी : सरायकेला खरसावां जिला के नीमडीह प्रखंड क्षेत्र के सामानपुर पंचायत अंतर्गत माकूला ग्राम में नालसा एवं झालसा के निर्देशानुसार “Yes To Life, No To Drugs” (येस टू लाइफ़, नो टू ड्रग्स) अभियान के तहत जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डीएलएसए), सरायकेला-खरसावां की ओर से विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया।
शिविर में डीएलएसए के पीएलवी शुभंकर महतो ने ग्रामीणों को नशा मुक्त जीवन के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि नशा व्यक्ति के शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक जीवन को गंभीर रूप से प्रभावित करता है। साथ ही नशा से जुड़े अपराधों एवं उनके कानूनी परिणामों की जानकारी देकर लोगों को जागरूक किया गया।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित ग्रामीणों को नालसा की विभिन्न योजनाओं, निःशुल्क विधिक सहायता, लोक अदालत तथा जरूरतमंद वर्गों के लिए उपलब्ध कानूनी सेवाओं के बारे में जानकारी दी गई। शिविर में मौजूद लोगों ने नशे से दूर रहने और समाज में नशा मुक्ति के प्रति जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर पीएलवी स्नेहलता महतो, अम्बुज गोप, सुकरंजन कुम्हार, चित्तरंजन सिंह, गुरुपद सिंह, रविन्द्र नाथ सिंह, कालीपद प्रमाणिक, बलराम सिंह सहित कई ग्रामीण उपस्थित थे।



