जल सेवा आंकलन कार्यों को समयबद्ध पूरा करने पर जोर, चयनित पंचायतों में हुआ उन्मुखीकरण कार्यक्रम

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

जल सेवा आंकलन कार्यों को समयबद्ध पूरा करने पर जोर, चयनित पंचायतों में हुआ उन्मुखीकरण कार्यक्रम

सरायकेला, 10 जनवरी : सरायकेला–खरसावां जिले में पेयजल एवं स्वच्छता सेवाओं की गुणवत्ता और पारदर्शिता को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए शनिवार को जल सेवा आंकलन विषय पर बैठक सह उन्मुखीकरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल, सरायकेला के तत्वावधान में सूचना भवन में संपन्न हुआ। बैठक की अध्यक्षता उप विकास आयुक्त सह उपाध्यक्ष, जिला जल एवं स्वच्छता समिति, सरायकेला–खरसावां रीना हांसदा ने की।

बैठक के दौरान जिले के चयनित पंचायतों में जल सेवा आंकलन की संपूर्ण प्रक्रिया, कार्य-पद्धति, तकनीकी बिंदुओं एवं निर्धारित समय-सीमा की विस्तार से जानकारी दी गई। अधिकारियों को बताया गया कि जल सेवा आंकलन के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति, स्वच्छता सुविधाओं, संरचनाओं की स्थिति और सेवा वितरण की वास्तविक स्थिति का मूल्यांकन किया जाएगा, जिससे भविष्य की योजनाओं को और अधिक प्रभावी बनाया जा सके।

इस अवसर पर जानकारी दी गई कि प्रखंड राजनगर की पंचायत गोविंदपुर एवं टीटीडीह, खरसावां प्रखंड की पंचायत कृष्णापुर एवं चिलकु, कुकडू प्रखंड की पंचायत कुकुडू तथा कुचाई प्रखंड की पंचायत मरांगहातु एवं अरवां को जल सेवा आंकलन के लिए चयनित किया गया है। इन पंचायतों में निर्धारित मापदंडों के अनुरूप आंकलन कार्य किया जाएगा।

उप विकास आयुक्त रीना हांसदा ने सभी संबंधित पदाधिकारियों और कर्मियों को निर्देश दिया कि जल सेवा आंकलन से जुड़े सभी कार्य समयबद्ध, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण किए जाएं। उन्होंने कहा कि इस प्रक्रिया से जिले में पेयजल एवं स्वच्छता सेवाओं की उपलब्धता और गुणवत्ता में सुधार लाने में मदद मिलेगी।

बैठक में सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, कार्यपालक अभियंता, सहायक अभियंता, कनीय अभियंता, पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के जिला समन्वयक, पंचायत सचिव, मुखिया सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं प्रतिनिधि उपस्थित थे।

Share This Article