ईचागढ़ के गौरांगकोचा में नालसा डॉन योजना पर उन्मुखीकरण कार्यक्रम आयोजित

ईचागढ़, 09 जनवरी : सरायकेला-खरसावां जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशानुसार ईचागढ़ प्रखंड अंतर्गत गौरांगकोचा गांव में शुक्रवार को नालसा डॉन योजना के तहत उन्मुखीकरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य ग्रामीणों को नशीले पदार्थों के दुष्प्रभावों से अवगत कराते हुए नशे से दूर रहने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना था।
इस अवसर पर बताया गया कि नशीले पदार्थों का सेवन व्यक्ति को धीरे-धीरे अपराध की ओर ले जाता है, जिससे वह परिवार, समाज और राष्ट्र पर बोझ बन जाता है। नशा न केवल व्यक्ति के शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को नुकसान पहुंचाता है, बल्कि सामाजिक शांति के लिए भी गंभीर खतरा उत्पन्न करता है। सहकर्मी दबाव के कारण युवाओं के नशे की गिरफ्त में आने पर विशेष चर्चा की गई।
कार्यक्रम के दौरान नालसा टोल फ्री हेल्पलाइन 15100 की जानकारी देते हुए जागरूकता पर्चियों का वितरण भी किया गया। मौके पर पीएलवी कार्तिक गोप, गंगा सागर पाल, तुष्ट रानी मंडल सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।



