पातकोम दिशोम के महाराजा महेंद्र नाथ बेसरा का निधन, शोक की लहर

ईचागढ़, 26 दिसंबर : पातकोम दिशोम मांझी पारगाना महाल के “महाराजा” महेंद्र नाथ बेसरा का शुक्रवार को उनके पैतृक गांव ईचागढ़ प्रखंड के टिकर में निधन हो गया। वे 80 वर्ष के थे। उनके निधन की खबर से क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। दिवंगत महेंद्र नाथ बेसरा समाजसेवी के साथ सेवानिवृत्त शिक्षक एवं त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में टिकर पंचायत के मुखिया रह चुके हैं। उनका अंतिम संस्कार सुवर्णरखा नदी के टिकर घाट में विधि-विधान के साथ संपन्न किया गया। दिवंगत महेंद्र नाथ बेसरा अपने जीवनकाल में शिक्षा, समाज सेवा और पारंपरिक आदिवासी व्यवस्था के संरक्षण में सक्रिय भूमिका निभाते रहे। वे समाज के बीच एक सम्मानित एवं मार्गदर्शक व्यक्तित्व के रूप में जाने जाते थे।
उनके अंतिम दर्शन के लिए विभिन्न क्षेत्रों से समाजसेवी, जनप्रतिनिधि एवं आमजन बड़ी संख्या में पहुंचे। इस दौरान पातकुम दिशोम पारगाना के पारगाना रामेश्वर बेसरा, समाजसेवी चारु चांद किस्कू, झारखंड आंदोलनकारी व समाजसेवी सुखराम हेम्ब्रम, जंगल महाल के चेयरमैन अधर हेम्ब्रम, योगेश्वर बेसरा, श्यामल मार्डी, हाड़ीराम सोरेन, डोमन बास्के, सोमरा हांसदा, प्रकाश मार्डी, हेंसाकोचा पंचायत के मुखिया कुनाराम मांझी, नारायण गोप, सुधीर गोप सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने उनके निधन को समाज के लिए अपूरणीय क्षति बताते हुए उपस्थित लोगों ने उनके योगदान को याद किया और दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।



