चांडिल गोलीकांड में पुलिस की त्वरित कार्रवाई, बिजय तिर्की हत्याकांड में 7 नामजद अपराधियों पर FIR दर्ज

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

चांडिल गोलीकांड में पुलिस की त्वरित कार्रवाई, बिजय तिर्की हत्याकांड में 7 नामजद अपराधियों पर FIR दर्ज

चांडिल, 26 दिसंबर : सरायकेला–खरसावां जिले के चांडिल थाना क्षेत्र अंतर्गत हारुडीह में कुख्यात अपराधी बिजय तिर्की की गोली मारकर हत्या के मामले में चांडिल पुलिस ने सराहनीय तत्परता दिखाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। मृतक की पत्नी सिवानी तिर्की के बयान के आधार पर पुलिस ने सात नामजद अपराधियों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर मामले की गहन जांच शुरू कर दी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, घात लगाए अज्ञात हमलावरों ने अपराध जगत में लंबे समय से सक्रिय रहे बिजय तिर्की को निशाना बनाते हुए उसकी हत्या कर दी थी। घटना के बाद पुलिस पर कार्रवाई को लेकर दबाव था, लेकिन चांडिल पुलिस ने बिना देर किए साक्ष्य संकलन कर नामजद आरोपियों को चिन्हित कर लिया।

मृतक की पत्नी सिवानी तिर्की के बयान पर जिन सात लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की गई है, उनमें राजू चौड़ा उर्फ राजू अंसारी, मोनू, लंगड़ा अफसर, लंगड़ा आजाद, कलीम, तारीख और डाबर शामिल हैं। पुलिस सूत्रों के अनुसार, ये सभी आरोपी आपराधिक पृष्ठभूमि के हैं और इनके खिलाफ पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।

पुलिसिया सूत्रों की मानें तो सरायकेला–खरसावां के पुलिस अधीक्षक मुकेश लूनायत स्वयं इस सनसनीखेज हत्याकांड की लगातार मॉनिटरिंग कर रहे हैं और अपराधियों तक जल्द पहुंचने के लिए विशेष टीमों को लगाया गया है। वहीं, चांडिल थाना प्रभारी दिलसन बिरुआ पूरी मजबूती से मोर्चा संभाले हुए हैं और क्षेत्र में किसी भी तरह की अवैध या अनैतिक गतिविधियों पर सख्त नजर रखे हुए हैं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि चांडिल पुलिस की इस त्वरित और निर्णायक कार्रवाई से अपराधियों में साफ संदेश गया है कि कानून से ऊपर कोई नहीं है। पुलिस की सक्रियता और कड़ी निगरानी से क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने की दिशा में एक मजबूत कदम माना जा रहा है।

Share This Article