मनरेगा में छेड़छाड़ के विरोध में जिला मुख्यालय पर कांग्रेस का उग्र प्रदर्शन

सरायकेला, 22 दिसंबर : सरायकेला-खरसावां जिला मुख्यालय परिसर में सोमवार को मनरेगा योजना में कथित छेड़छाड़ के विरोध में कांग्रेस पार्टी द्वारा उग्र प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन के माध्यम से कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार पर मनरेगा को कमजोर करने, उसका नाम बदलने एवं इसके मूल प्रावधानों से छेड़छाड़ करने का आरोप लगाया।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम (मनरेगा) देश के किसानों, मजदूरों और गरीब वर्ग के लिए रोजगार की कानूनी गारंटी है, जिसे कांग्रेस पार्टी के नेतृत्व में लागू किया था। आज भी यह योजना करोड़ों परिवारों की जीवनरेखा बनी हुई है, विशेषकर झारखंड जैसे गरीब और आदिवासी बहुल राज्य में कांग्रेसियों ने कहा कि देश को युवाओं के लिए रोजगार, किसानों को समर्थन मूल्य और मजदूरों को सामाजिक सुरक्षा की सख्त जरूरत है।
जनहितकारी योजनाओं को कमजोर करना किसी भी समस्या का समाधान नहीं है, बल्कि इससे गरीब और हाशिए पर खड़े लोगों की स्थिति और अधिक खराब होगी। कार्यक्रम सरायकेला जिला कांग्रेस अध्यक्ष के नेतृत्व में आयोजित किया गया, जिसमें वरिष्ठ कांग्रेसजन के साथ-साथ महिला कांग्रेस एवं युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं की भी सक्रिय भागीदारी रही। कार्यकर्ताओं ने शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांगों को रखा और मनरेगा की मूल भावना से किसी भी प्रकार की छेड़छाड़ का विरोध किया।
कांग्रेस नेताओं ने दोहराया कि पार्टी मनरेगा की मूल भावना की रक्षा करने और गरीबों, मजदूरों एवं किसानों के अधिकारों के लिए संघर्षरत है।



