जिलाध्यक्ष पद की रायशुमारी के बाद भाजपा में सियासी सरगर्मी तेज

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

जिलाध्यक्ष पद की रायशुमारी के बाद भाजपा में सियासी सरगर्मी तेज

सरायकेला , 22 दिसंबर : भारतीय जनता पार्टी के जिला कार्यालय में जिला अध्यक्ष पद के लिए रायशुमारी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद से ही भाजपा की अंदरूनी राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। रायशुमारी के बाद से चौक-चौराहों और चाय की दुकानों पर संभावित नामों को लेकर चर्चाओं का दौर चल रहा है। सभी की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि सरायकेला-खरसावां जिले में पार्टी की कमान किसे सौंपी जाएगी।

पार्टी सूत्रों के अनुसार रायशुमारी के दौरान सामने आए नामों को लेकर कार्यकर्ताओं और समर्थकों के बीच तरह-तरह के कयास लगाए जा रहे हैं। बताया गया कि रायशुमारी में करीब 40 से 45 वरीय कार्यकर्ता और पदधारी शामिल हुए। इसमें भाजपा जिला समिति के पदाधिकारी, प्रदेश कार्यकारिणी के सदस्य, जिला परिषद प्रतिनिधि, विभिन्न मोर्चा के अध्यक्ष एवं वरिष्ठ कार्यकर्ता शामिल थे।

रायशुमारी की प्रक्रिया को संपन्न कराने के लिए सरायकेला खरसावां जिला के चुनाव प्रभारी जटाशंकर पांडे, पर्यवेक्षक अमर बाउरी विशेष रूप से उपस्थित रहे। उनकी मौजूदगी में पूरी प्रक्रिया शांतिपूर्ण और संगठित तरीके से संपन्न कराई गई।

बताया जा रहा है कि रायशुमारी के बाद सामने आए सभी नामों को चुनाव प्रभारी और पर्यवेक्षकों ने अपनी अनुशंसा के साथ भाजपा प्रदेश समिति को भेज दिया है। अब अंतिम निर्णय प्रदेश नेतृत्व द्वारा लिया जाएगा। जिला स्तर पर राजनीतिक चर्चाएं तेज हैं। चारों ओर एक ही चर्चा है कि क्या इस बार ईचागढ़ को नेतृत्व करने का अवसर मिलेगा।

भाजपा संगठन में अब तक ईचागढ़ विधानसभा क्षेत्र से जिला अध्यक्ष नहीं बन पाया है। संगठन में जिला अध्यक्ष खरसावां विधानसभा और सरायकेला विधानसभा क्षेत्र से ही बनाया गया है। ईचागढ़ को अब तक जिला अध्यक्ष का पद नहीं मिलने पर यहां के कार्यकर्ता भी अपने को ठगा हुआ महसूस करते हैं। कार्यकर्ताओं को उम्मीद है कि संगठन इस अवसर का लाभ उठाते हुए ईचागढ़ के कार्यकर्ता को जिले की जिम्मेदारी सौंपेगी।

Share This Article