सुबह की धुंध से थमी रफ्तार, नौ बजे दिखाई दिया सूरज

चांडिल, 22 दिसंबर : चांडिल अनुमंडल और आसपास के इलाकों में सोमवार सुबह घनी धुंध का असर देखने को मिला, जिससे सड़कों पर वाहनों की रफ्तार धीमी पड़ गई। तड़के से ही छाई धुंध के कारण दृश्यता काफी कम रही और वाहन चालकों को लाइट जलाकर चलना पड़ा। राष्ट्रीय राजमार्ग 32 और 33 के अलावा राज्य मार्गों पर भी यातायात सामान्य से धीमा रहा।
सुबह स्कूल जाने वाले बच्चों, कार्यालय जाने वाले कर्मचारियों और लंबी दूरी के यात्रियों को विशेष परेशानी हुई। धुंध के कारण दुर्घटना की आशंका को देखते हुए वाहन चालक सतर्क नजर आए।
धुंध धीरे-धीरे छंटने लगी और सुबह करीब नौ बजे सूरज दिखाई दिया। मौसम साफ होने के बाद यातायात व्यवस्था सामान्य हो सकी। मौसम विभाग के अनुसार तापमान में गिरावट और नमी के कारण आने वाले दिनों में भी सुबह के समय धुंध बने रहने की संभावना है। विभाग ने वाहन चालकों से सावधानी बरतने और धीमी गति से वाहन चलाने की अपील की है।



