सड़क सुरक्षा को लेकर विशेष जांच अभियान, 32,650 रुपये की वसूली

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

सड़क सुरक्षा को लेकर विशेष जांच अभियान, 32,650 रुपये की वसूली

सरायकेला, 23 दिसंबर : उपायुक्त के निर्देशानुसार सड़क सुरक्षा को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से शनिवार को जिला परिवहन पदाधिकारी गिरजा शंकर महतो के नेतृत्व में राजनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत हाता–चाईबासा मार्ग पर विशेष जांच अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान मोटर वाहन अधिनियम के विभिन्न प्रावधानों के तहत कुल 32,650 (बत्तीस हजार छह सौ पचास) रुपये की वसूली की गई।

जांच के क्रम में विशेष रूप से भारी मालवाहक वाहनों के चालकों के वैध हेवी ड्राइविंग लाइसेंस की सघन जांच की गई। साथ ही ओवरस्पीडिंग, ओवरलोडिंग तथा बिना वैध कागजात के वाहन परिचालन पर सख्ती बरती गई। वाहन चालकों को सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने एवं सभी आवश्यक दस्तावेज अद्यतन रखने के निर्देश दिए गए।

यह विशेष अभियान राजनगर थाना के समीप संचालित किया गया। अभियान में जिला परिवहन पदाधिकारी गिरजा शंकर महतो के साथ राजनगर थाना प्रभारी विपुल ओझा सहित यातायात पुलिस के पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।

जिला प्रशासन ने आम नागरिकों एवं वाहन चालकों से अपील की है कि वे सड़क सुरक्षा नियमों का अनिवार्य रूप से पालन करें, ताकि सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सके और सुरक्षित यातायात सुनिश्चित हो।

Share This Article