आकांक्षी जिला कार्यक्रम की प्रगति की केंद्रीय समीक्षा, नवाचारों की सराहना

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

आकांक्षी जिला कार्यक्रम की प्रगति की केंद्रीय समीक्षा, नवाचारों की सराहना

जमशेदपुर, 11 दिसंबर : आकांक्षी जिला पूर्वी सिंहभूम के केंद्रीय प्रभारी सह संयुक्त सचिव, भारत सरकार महावीर प्रसाद ने गुरुवार को समाहरणालय सभागार में आकांक्षी जिला कार्यक्रम के विभिन्न इंडिकेटर्स की विस्तृत समीक्षा की। तीन दिवसीय प्रवास के प्रथम दिन आयोजित इस बैठक में स्वास्थ्य, पोषण, शिक्षा, कृषि, जल संसाधन, वित्तीय समावेशन, कौशल विकास एवं बुनियादी ढांचा से जुड़े प्रमुख सूचकांकों पर जिला के प्रदर्शन का आकलन किया गया।

बैठक में उप विकास आयुक्त नागेंद्र पासवान, अपर उपायुक्त भगीरथ प्रसाद, निदेशक एनईपी संतोष गर्ग, एडीएम एसओआर राहुल जी आनंद, सिविल सर्जन डॉ. साहिर पाल सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी उपस्थित रहे। संयुक्त सचिव ने विभागवार प्रस्तुतियों को ध्यानपूर्वक सुनते हुए योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाने के निर्देश दिए।

जिला प्रशासन ने समीक्षा के दौरान कई नवोन्मेषी पहलों की जानकारी दी, जिनमें सबर समुदाय के सामाजिक-आर्थिक सर्वेक्षण, ‘मिशन उल्लास’ (मिर्गी मरीजों की निःशुल्क जांच व परामर्श) तथा ‘सिकुई-दिकुई अभियान’ (शिक्षा गुणवत्ता सुधार व ड्रॉप आउट नियंत्रण) प्रमुख रहे। प्रशासनिक इन पहलों की प्रभावशीलता तथा परिणामों को संयुक्त सचिव ने सराहा।

उन्होंने कहा कि पूर्वी सिंहभूम में योजनाओं का क्रियान्वयन संतोषजनक है और नवाचारों के आधार पर यह जिला आकांक्षी श्रेणी से बाहर आने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ सकता है। उन्होंने अधिकारियों को संवेदनशीलता के साथ कार्य करने, पात्र लाभुकों को योजनाओं से जोड़ने के लिए सक्रिय प्रयास करने, प्रखंड स्तर पर मजबूत क्रियान्वयन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

Share This Article