मॉडल सोलर विलेज निर्माण की कवायद तेज, छह माह के ‘चैलेंज पीरियड’ में आगे रहने वाले गांव को मिलेगा 1 करोड़ का पुरस्कार

जमशेदपुर, 10 दिसंबर : पूर्वी सिंहभूम जिले में पीएम–सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत प्रस्तावित मॉडल सोलर विलेज निर्माण को गति देने के उद्देश्य से उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला स्तरीय समिति के पूर्व निर्देशों की प्रगति पर विस्तार से चर्चा हुई तथा सभी बीडीओ से चयनित गांवों की ग्राउंड रिपोर्ट ली गई।
बैठक के दौरान बीडीओ ने बताया कि चयनित गांवों में वर्तमान में संचालित सौर ऊर्जा आधारित योजनाओं और भविष्य में लागू की जा सकने वाली योजनाओं का आकलन किया गया है, जिससे अधिक से अधिक ग्रामीणों को लाभ मिल सके। उपायुक्त ने स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि ग्राम सभा के माध्यम से लाभुकों व स्थलों का चिन्हांकन कर योजनाओं को लाभकारी रूप से लागू किया जाए, ताकि बड़े वर्ग समूह को फायदा पहुंचे।
गौरतलब है कि जिले के सात प्रखंडों के 10 गांव—पारूलिया, धोबनी, कोकपाड़ा–नरसिंहगढ़, बड़ाजुड़ी, हाड़तोपा, कालिकापुर, मानुषमुड़िया, बड़ा बांगुड़दा, बिडरा एवं बोड़ाम—को मॉडल सोलर विलेज के लिए चयनित किया गया है। इनका चयन 5000 से अधिक आबादी वाले अथवा प्रखंडों के सर्वाधिक आबादी वाले गांवों के आधार पर किया गया है।
इन गांवों में दिसंबर 2025 से मई 2026 तक छह माह का चैलेंज पीरियड निर्धारित है। इस अवधि में PM–KUSUM सहित विभिन्न सौर ऊर्जा योजनाओं का प्रचार-प्रसार, नवीकरणीय ऊर्जा संसाधनों की स्थापना तथा गांवों के बीच स्वस्थ प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा दिया जाएगा। अवधि समाप्त होने पर जिस गांव में सर्वाधिक Renewable Energy क्षमता स्थापित होगी, उसे मॉडल सोलर विलेज घोषित किया जाएगा और 1 करोड़ रुपये की नकद प्रोत्साहन राशि दी जाएगी।
उपायुक्त ने सभी बीडीओ को निर्देश दिया कि चयनित गांवों में ग्राम सभा आयोजित कर ग्रामीणों को सभी सौर योजनाओं की पात्रता, सब्सिडी और आवेदन प्रक्रिया की स्पष्ट जानकारी दें। साथ ही, सरकारी भवनों की छत पर सोलर पैनल, सोलर स्ट्रीट लाइट, हाई मास्ट लाइट, सोलर सिंचाई जैसी योजनाओं के लिए व्यावहारिक कार्ययोजना तैयार कर समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करें।
उन्होने कहा कि गांवों के बीच प्रतिस्पर्धा का सकारात्मक माहौल बनाया जाए, ताकि अधिक से अधिक परिवार सौर ऊर्जा अपनाकर ‘ग्रीन विलेज, क्लीन विलेज’ की दिशा में आगे बढ़ें।



