उपायुक्त की अध्यक्षता में हुई मैट्रिक व इंटर परीक्षा केंद्र चयन समिति की बैठक

सरायकेला, 08 दिसंबर : समाहरणालय सभागार में उपायुक्त नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में वर्ष 2025-26 की वार्षिक माध्यमिक (मैट्रिक) एवं इंटरमीडिएट परीक्षा के परीक्षा केंद्र चयन को लेकर जिला स्तरीय समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में झारखंड अधिविद्ध परिषद (JAC) के दिशा-निर्देशों के अनुरूप आवश्यक मापदंडों की विस्तृत समीक्षा की गई।
जिला शिक्षा पदाधिकारी ने सभी प्रखंडों से प्राप्त विद्यालयों की उपयुक्तता संबंधी रिपोर्ट प्रस्तुत की। इन रिपोर्टों में विद्यालयों की आधारभूत संरचना, कक्ष क्षमता, विद्युत एवं स्वच्छता सुविधाएं, सुरक्षा व्यवस्था तथा परीक्षा संचालन से संबंधित सभी आवश्यक मानकों की जांच की गई थी।
समीक्षा के उपरांत समिति ने वर्ष 2025-26 की परीक्षाओं हेतु संस्तुत प्रस्तावित सूची को अनुमोदनार्थ झारखंड अधिविध परिषद को प्रेषित करने का निर्णय लिया। जिले में माध्यमिक (मैट्रिक) परीक्षा के लिए 42 तथा इंटरमीडिएट परीक्षा के लिए 30 परीक्षा केंद्र प्रस्तावित किए गए हैं। परीक्षा केंद्रों का चयन निर्धारित मानकों एवं उपलब्ध उपयुक्तता रिपोर्टों के आधार पर किया गया है।
बैठक में सांसद प्रतिनिधि, विधायक प्रतिनिधि, जिला शिक्षा पदाधिकारी, पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय), सभी प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी एवं समिति के अन्य सदस्य उपस्थित थे।



