“सेवा का अधिकार सप्ताह” के तहत 19 पंचायतों में लगे शिविर, 5400 से अधिक आवेदन दर्ज — उपायुक्त ने जगन्नाथपुर शिविर में किया निरीक्षण

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

“सेवा का अधिकार सप्ताह” के तहत 19 पंचायतों में लगे शिविर, 5400 से अधिक आवेदन दर्ज — उपायुक्त ने जगन्नाथपुर शिविर में किया निरीक्षण

सरायकेला /चांडिल, 22 नवंबर : सरायकेला–खरसावाँ जिले में “आपकी योजना–आपकी सरकार–आपके द्वार” कार्यक्रम के अंतर्गत चल रहे सेवा का अधिकार सप्ताह के तहत आज जिलेभर के 19 ग्राम पंचायतों एवं विभिन्न वार्डों में शिविरों का आयोजन किया गया। अभियान के दूसरे दिन तक कुल 5400 से अधिक आवेदन ऑनलाइन दर्ज किए जा चुके हैं, जिनमें से कई आवेदनों का निस्तारण स्थल पर ही कर दिया गया।

शिविरों में विभागीय स्टॉलों के माध्यम से लोगों को विभिन्न सरकारी सेवाओं एवं कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराई गई। कई योजनाओं के चयनित लाभुकों के बीच परिश्रम-पत्रों का वितरण भी किया गया।

इसी क्रम में उपायुक्त नितिश कुमार सिंह गम्हरिया प्रखंड के जगन्नाथपुर पंचायत में आयोजित शिविर में पहुँचे। उन्होंने सभी विभागों द्वारा उपलब्ध सेवाओं, प्राप्त आवेदनों तथा निस्तारण की स्थिति का जायजा लिया। उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक आवेदन की सही, पूर्ण एवं समयबद्ध प्रविष्टि सुनिश्चित की जाए तथा यथासंभव अधिक से अधिक आवेदनों का ऑन-द-स्पॉट निस्तारण किया जाए।

उपस्थित ग्रामीणों को संबोधित करते हुए उपायुक्त ने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य सरकारी सेवाओं को सीधे जनता तक पहुँचाना है। उन्होंने लोगों से सक्रिय रूप से शिविरों में भाग लेने एवं विभिन्न योजनाओं के लाभ प्राप्त करने की अपील की।

उपायुक्त ने पेंशन, आय/जाति/निवास प्रमाणपत्र, राशन कार्ड, मनरेगा, सामाजिक सुरक्षा, प्रधानमंत्री आवास योजना, कृषि एवं उद्यानिकी सेवाएँ, भूमि संबंधी सेवाएँ सहित अन्य विभागीय कार्यों की गति की समीक्षा की। साथ ही निर्देश दिया कि शिविरों में प्राप्त सभी आवेदनों की दैनिक निगरानी की जाएगी और निर्धारित समयसीमा में निस्तारण नहीं होने पर संबंधित विभागों पर प्रशासनिक कार्रवाई पर विचार किया जाएगा।

Share This Article