श्री शनिदेव भक्त मंडली (ट्रस्ट) का 71वाँ रक्तदान शिविर सम्पन्न, 78 यूनिट रक्त संग्रहित

सरायकेला, 16 नवंबर : सामाजिक कार्यों के प्रति अपनी निरंतर प्रतिबद्धता के लिए विख्यात श्री शनिदेव भक्त मंडली (ट्रस्ट) द्वारा रविवार को संगठन का 71वाँ तथा इस वर्ष का 21वाँ रक्तदान शिविर आयोजित किया गया। यह शिविर सदर अस्पताल, सरायकेला के सहयोग से मारवाड़ी धर्मशाला के प्रांगण में दूसरी बार संचालित किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व ट्रस्ट के संस्थापक सह संरक्षक एवं सरायकेला शाखा प्रमुख अमिताभ मुखर्जी ने किया।
सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक चले इस शिविर में कुल 78 यूनिट रक्त एकत्रित किया गया। ठंड के मौसम की शुरुआत के बावजूद रक्तदाताओं का उत्साह देखते ही बनता था और पूरे दिन लोग रक्तदान के लिए पहुँचते रहे।
शिविर के सफल संचालन में सदर अस्पताल की टीम का महत्वपूर्ण योगदान रहा। उपस्थित चिकित्सा टीम में डॉक्टर अनुपमा कुमारी, सीनियर टेक्नीशियन शिव कुमार सिंह, अर्धेंदु कुमार सिंह, चिंता कुमारी, तनुजा कुमारी और मनोज चौधरी शामिल थे।
वहीं, मंडली के सक्रिय सदस्यों—अभिनाश कबी, कृष्ण चंद्र राणा, बिक्रम सिंह मोदक, बिट्टू दरोगा, विकाश कुमार दरोगा, नवीन चौधरी, राजेश साहू, मंटू सिंह मोदक, बिश्वजीत प्रमाणिक, मिलन बेरा एवं देवब्रत सिंह कुशवाहा ने पूरे आयोजन में सहयोग किया।
श्री शनिदेव भक्त मंडली (ट्रस्ट) ने कहा कि समाज के लिए रक्तदान सबसे बड़ा मानवसेवा का कार्य है और संगठन आगे भी इसी भावना के साथ अपने सामाजिक दायित्वों को निभाता रहेगा।



