चांडिल में भगवान बिरसा संदेश यात्रा का भव्य स्वागत, पुष्प अर्पण कर ABVP कार्यकर्ताओं ने किया सम्मान

चांडिल, 16 नवंबर : भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) द्वारा निकाली गई भगवान बिरसा संदेश यात्रा आज चांडिल पहुँची।छात्र संगठन ABVP द्वारा आयोजित यह यात्रा 15 नवंबर को जननायक बिरसा मुंडा के जन्मस्थल उलिहातु से शुरू हुई है, जो खूंटी, चक्रधरपुर, चाईबासा, सरायकेला, जमशेदपुर एवं चांडिल होते हुए आगे देवभूमि देहरादून, उत्तराखंड तक जाएगी।
चांडिल पहुँचने पर ABVP कार्यकर्ताओं ने पूरे उत्साह के साथ बिरसा मुंडा के रथ का स्वागत किया और पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। इस दौरान आयोजित खुले मंच से कई वक्ताओं ने भगवान बिरसा मुंडा के विचारों और योगदान को याद करते हुए युवाओं से उनके दिखाए मार्ग पर चलने का आह्वान किया।
वरिष्ठ भाजपा नेता पप्पू वर्मा ने कहा कि बिरसा मुंडा केवल एक जननायक नहीं, बल्कि समाज को जागृत करने वाले महापुरुष थे। उन्होंने कहा कि 150वीं जयंती पर निकाली जा रही यह संदेश यात्रा देशभर में एक सकारात्मक चेतना और एकता का भाव जगाएगी।

ABVP झारखंड प्रांत के छात्र नेता सनातन गोराई ने कहा कि बिरसा मुंडा के ‘उलगुलान’ की भावना आज भी युवाओं को प्रेरित करती है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में देशविरोधी गतिविधियों के विरुद्ध छात्रों और युवाओं को सजग होकर सोनार झारखंड के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभानी होगी।

इस अवसर पर वरिष्ठ भाजपा नेता राकेश वर्मा, जनजातीय कार्य प्रमुख डब्लू भगत, प्रभात पोद्दार, बनू सिंह सरदार, सजल कर्मकार, प्रिया महाली, यश वर्मा, सौरव दास, अजय गोराई, कृष दास सहित कई कार्यकर्ता और स्थानीय लोग उपस्थित थे।



