बाल श्रम की रोकथाम के लिए जिला टास्क फोर्स ने की छापामारी

चांडिल, 16 नवंबर : बाल श्रम की रोकथाम के लिए जिला प्रशासन के द्वारा गठित टास्क फोर्स के द्वारा चौका थाना क्षेत्र में छापामारी अभियान चलाया गया। इस दौरान टीम ने दिरलोंग, झाबरी व आसपास के क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे स्थित गाड़ी वाशिंग सेंटरों पर छापेमारी की गई। अभियान के दौरान 5 अव्यस्क बालकों को रेस्क्यू किया गया। बच्चों को बाल कल्याण समिति के समक्ष प्रस्तुत कर उन्हें उनके परिजन के सुपुर्द कर दिया गया। वाशिंग सेंटर के संचालकों को कड़ी चेतावनी दी गई। चूंकि बच्चे 14 साल से अधिक उम्र के थे, इसलिए मुकदमा दर्ज नहीं किया गया। सिर्फ चेतावनी देकर छोड़ दिया गया।
जिला टास्क फोर्स के सदस्य सैयद आयाज हैदर ने बताया कि सरायकेला जिला को पूरी तरह से बाल मजदूर मुक्त जिला बनाने के लिए प्रशासन प्रयासरत हैं। अभियान में बाल कल्याण समिति, सरायकेला के सैयद आयाज हैदर, वीणा रानी महतो, युवा संस्था के मुकेश कुमार पांडेय, चाइल्ड हेल्प लाइन, सरायकेला के समीर महतो, कंचन कुमार, डालसा के सुखरंजन कुमार, बिट्टू प्रजापति साथ में थाना से अशोक कुमार यादव दलबल के साथ शामिल थे।



