घाटशिला उपचुनाव: अब तक ₹2.91 करोड़ की अवैध सामग्री जब्त

जमशेदपुर/घाटशिला, 30 अक्टूबर : घाटशिला विधानसभा उपचुनाव-2025 के दौरान जिला प्रशासन की सघन कार्रवाई में अब तक कुल ₹2 करोड़ 91 लाख 21 हजार रुपये मूल्य की अवैध सामग्री जब्त की गई है। जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी के निर्देश पर चलाए जा रहे निगरानी अभियान के तहत विभिन्न एजेंसियों ने ₹42.71 लाख नकद, 12,837 लीटर शराब, ₹5.10 लाख मूल्य के मादक पदार्थ और ₹2.33 करोड़ मूल्य के फ्रीबीज बरामद किए हैं।
फ्लाइंग स्क्वॉड टीम, स्थैतिक निगरानी दल, आबकारी, पुलिस एवं व्यय निगरानी दल संयुक्त रूप से कार्रवाई में जुटे हैं। प्रशासन ने मतदाताओं से अपील की है कि वे किसी भी अवैध गतिविधि की सूचना “सी-विजिल” ऐप के माध्यम से दें।



