ईचागढ़ में बालू माफियाओं पर जिला प्रशासन की बड़ी कार्रवाई

7.5 लाख CFT अवैध बालू जब्त, मचा हड़कंप
ईचागढ़, 29 अक्टूबर : अवैध बालू कारोबार पर जिला प्रशासन ने एक बार फिर शिकंजा कस दिया है। बुधवार को उपायुक्त नितिश कुमार सिंह के निर्देश पर जिला खनन पदाधिकारी ज्योति शंकर सतपति के नेतृत्व में खनन विभाग की टीम ने ईचागढ़ थाना क्षेत्र के बीरडीह और जारगोडीह में ताबड़तोड़ छापेमारी की।
इस दौरान टीम ने कुल 7 लाख 50 हजार CFT अवैध बालू भंडारण को जब्त किया — जिसमें बीरडीह से 2.5 लाख और जारगोडीह से 5 लाख CFT बालू शामिल है। जब्त बालू को विधिवत ईचागढ़ थाना को सुपुर्द कर दिया गया।

डीएमओ ज्योति शंकर सतपति ने कहा कि अवैध खनन के खिलाफ जिले में लगातार अभियान जारी रहेगा। उन्होंने चेतावनी दी कि “किसी भी कीमत पर अवैध बालू खनन या परिवहन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।”
कार्रवाई के दौरान जिला खनन निरीक्षक समीर ओझा, एसआई विश्वजीत तिवारी तथा स्थानीय पुलिस बल मौजूद रहे। इस अभियान से क्षेत्र के बालू माफियाओं में भारी हड़कंप मच गया है।



