सरायकेला में अवैध पत्थर खनन पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, दो हाइड्रोलिक मशीनें जब्त

सरायकेला, 24 अक्टूबर : जिले में अवैध पत्थर खनन, भंडारण एवं परिवहन पर रोक लगाने के लिए प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। उपायुक्त नितिश कुमार सिंह के निर्देश पर खनन विभाग की टीम ने शुक्रवार को सरायकेला थाना अंतर्गत मौजा – जोरडीहा (मुड़कुम) क्षेत्र में औचक छापेमारी की।
इस अभियान का नेतृत्व जिला खनन पदाधिकारी ज्योति शंकर सतपथि ने किया। टीम के साथ सरायकेला थाना पुलिस एवं स्थानीय पुलिस बल भी मौजूद थे। जांच के दौरान मौके पर दो हाइड्रोलिक एक्सकैवेटर, दो ड्रिलिंग मशीनें और करीब 32,500 घनफीट पत्थर खनिज पाया गया।

अधिकारियों के अनुसार, मौके पर मौजूद व्यक्तियों द्वारा किसी प्रकार का वैध कागजात प्रस्तुत नहीं किया गया। इसके बाद प्रशासन ने सभी खनिज सामग्री और मशीनों को जब्त कर सरायकेला थाना को सुपुर्द कर दिया।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध खनन के विरुद्ध कठोर कार्रवाई जारी रहेगी और दोषियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की प्रक्रिया प्रगति पर है।

जिला खनन पदाधिकारी ने बताया कि भविष्य में भी ऐसे औचक निरीक्षण जारी रहेंगे ताकि अवैध खनन पर पूरी तरह अंकुश लगाया जा सके।



