चांडिल : गंदगी से अब लोगों को मिलेगी राहत, हरेलाल महतो ने शुरू किया सफाई अभियान

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

चांडिल, 18 अक्टूबर : समाजसेवी हरेलाल महतो ने एकबार फिर समाजसेवा के क्षेत्र में कदम बढ़ाते हुए चांडिल बाजार के तांती बांध के समीप सड़क किनारे फैली गंदगी की सफाई करने का बीड़ा उठाया है। सड़क किनारे की गंदगी से परेशान स्थानीय लोगों को अब राहत मिलने की उम्मीद जगी है। लोगों के बार-बार मांग किए जाने के बावजूद न तो प्रशासन की ओर से सफाई अभियान चलाया गया और न ही स्थानीय जनप्रतिनिधि ने कोई संज्ञान लिया।

कचरा उठाव की उचित व्यवस्था नहीं होने के कारण विगत एक महीने से क्षेत्रवासी और दुकानदार सड़क किनारे ही कूड़ा-कचरा फेंकने को मजबूर थे। दूषित वातावरण और बदबू के कारण न केवल स्थानीय लोग बल्कि सड़क से गुजरने वाले राहगीर भी परेशान थे। रौशनी का त्योहार दीपावली और छठ पर्व को देखते हुए आजसू पार्टी के केंद्रीय महासचिव एवं समाजसेवी हरेलाल महतो ने इस समस्या को गंभीरता से लिया और स्वयं सफाई करवाने का बीड़ा उठाया।

शनिवार को हरेलाल महतो ने निजी स्तर पर जेसीबी वाहन की मदद से सड़क किनारे की सारी गंदगी की सफाई करवाई। इस दौरान उन्होंने सफाई कर्मियों और सहयोगियों के साथ बाजार क्षेत्र में फैले कचरे को हटाया और लोगों से भी स्वच्छता बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि यह कार्य प्रशासन और स्थानीय विधायक की जिम्मेदारी है, लेकिन दुर्भाग्य की बात है कि जिन्हें अपने कर्तव्यों का बोध होना चाहिए, वे मौन हैं।

Share This Article