छठ पूजा को लेकर JNAC की तैयारी तेज — उप नगर आयुक्त कृष्ण कुमार ने अधिकारियों संग की समीक्षा बैठक
जमशेदपुर, 17 अक्टूबर : आगामी छठ पूजा को स्वच्छ, सुरक्षित और सुचारू रूप से संपन्न कराने के उद्देश्य से शुक्रवार को जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति (JNAC) की ओर से समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता उप नगर आयुक्त कृष्ण कुमार ने की, जिसमें विभिन्न विभागों और सहयोगी संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
बैठक में घाटों की सफाई, कचरा संग्रहण और निस्तारण, प्रकाश व्यवस्था, बैरिकेडिंग, पेयजल आपूर्ति, भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था जैसे मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई। उप नगर आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी छठ घाटों पर विशेष सफाई अभियान चलाया जाए और कचरे का पृथक्करण एवं नियमित निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने घाटों तक जाने वाले मार्गों की मरम्मत, जलजमाव की समस्या के समाधान और प्रकाश व्यवस्था को दुरुस्त करने के निर्देश इंजीनियरिंग शाखा को दिए। स्वास्थ्य विभाग को कीटनाशक छिड़काव एवं पेयजल की गुणवत्ता जांच के निर्देश दिए गए।
सुरक्षा की दृष्टि से घाटों पर अस्थायी बैरिकेडिंग, स्वयंसेवकों की तैनाती और जीवन रक्षक जैकेट की व्यवस्था करने का निर्णय लिया गया। साथ ही, प्रमुख घाटों पर हेल्प डेस्क, पेयजल की उपलब्धता और पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने की बात कही गई।
बैठक में यह भी तय किया गया कि टाटा स्टील UISL, पुलिस, बिजली विभाग और अन्य एजेंसियों के साथ समन्वय स्थापित कर तैयारी कार्य पूरे किए जाएंगे।
उप नगर आयुक्त कृष्ण कुमार ने नागरिकों से अपील की कि वे छठ पूजा के दौरान घाटों की स्वच्छता बनाए रखें, प्लास्टिक या अविघटित वस्तुएँ जलाशयों में न फेंके और स्वच्छ छठ अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाएँ।
कृष्ण कुमार ने कहा “छठ घाटों की सफाई और सुरक्षा हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है, इसे जनसहयोग से सफल बनाना होगा।”