“धरती आबा जनभागीदारी अभियान” में सरायकेला-खरसावाँ को राष्ट्रीय सम्मान – राष्ट्रपति ने उपायुक्त नितिश कुमार सिंह को विज्ञान भवन में किया सम्मानित
सरायकेला, 17 अक्टूबर : सरायकेला-खरसावाँ जिले ने एक बार फिर झारखंड का मान बढ़ाया है। जनजातीय कार्य मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा संचालित “धरती आबा जनजातीय ग्राम जनभागीदारी अभियान” में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए जिले को राष्ट्रीय सम्मान प्रदान किया गया है।
नई दिल्ली स्थित विज्ञान भवन में आयोजित “आदि कर्मयोगी अभियान नेशनल कॉन्क्लेव” में महामहिम राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने सरायकेला-खरसावाँ के उपायुक्त नितिश कुमार सिंह को यह सम्मान प्रदान किया। यह सम्मान जिले में जनजातीय सशक्तिकरण, समावेशी विकास और समुदाय की सक्रिय भागीदारी के लिए दिया गया है।
“आदि कर्मयोगी अभियान” के तहत झारखंड को सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शनकारी राज्य का सम्मान मिला, जबकि पाकुड़ जिला को सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शनकारी जिला घोषित किया गया।
सरायकेला-खरसावाँ ने शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण, आजीविका और डिजिटल सशक्तिकरण के क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रगति की है। जिले में 132 पंचायतें PESA के अंतर्गत, 67 पंचायतें (311 ग्राम) FRA के अंतर्गत, 1421 विद्यालय, 1373 आंगनबाड़ी केंद्र, 22 स्वास्थ्य केंद्र और 28 छात्रावास संचालित हैं।
इसके अलावा DDU-GKY और राज्य कौशल मिशन के तहत हजारों युवाओं को कौशल प्रशिक्षण दिया गया है तथा 199 डिजिटल लर्निंग सेंटर संचालित हैं।
इस अवसर पर जामताड़ा, सिमडेगा और लोहरदगा जिलों के कार्यों की भी सराहना की गई। यह सम्मान सरायकेला-खरसावाँ जिले के नवाचार, समर्पण और जनभागीदारी आधारित विकास मॉडल की राष्ट्रीय स्तर पर पहचान का प्रतीक है।