सरायकेला, 17 अक्टूबर : सरायकेला-खरसावां जिला के पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लूणायत ने शुक्रवार को सरायकेला और चांडिल के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, सभी थाना प्रभारी, अंचल निरीक्षक एवं शाखा प्रभारियों के साथ कार्यालय सभागार में मासिक अपराध गोष्ठी किया। अपराध गोष्ठी में उन्होंने धनतेरस, दीपावली एवं छठ पर्व के मद्देनजर जिला क्षेत्र में विधि व्यवस्था संधारण हेतु विमर्श करते हुए आवश्यक दिशा निर्देश दिया। साथ ही सितंबर माह में हुए अपराध की विस्तृत समीक्षा करते हुए उद्भेदन के लिए मार्गदर्शन दिया।
सितंबर माह में निष्पादित कांडो – यूडी कांडो की थानावार समीक्षा करते हुए अक्टूबर माह में अधिकाधिक निष्पादन करने का निर्देश देने के साथ ही विगत माह में 3 या 3 अधिक कांडों का निष्पादन करने वाले अनुसंधानकर्ताओ को एक – एक सुसेवांक से पुरस्कृत किया। वहीं अफीम की खेती की रोकथाम हेतु जारी प्री कल्टीवेशन ड्राइव को और अधिक प्रभावी के लिए रणनीति पर विमर्श किया गया। 1 जनवरी 2020 से 30 सितंबर 2025 तक लंबित IIF-V की अद्यतन स्थिति की समीक्षा करते हुए लंबित IIF-V को भरने हेतु सभी थाना प्रभारी को निर्देश दिया।
इसके साथ ही थाना प्रभारियों को लंबित कांडों के शीघ्र निष्पादन करने, बलात्कार,पोक्सो एक्ट से संबंधित कांडों को 60 दिन के अंदर निष्पादित करने, अवैध उत्खनन, भंडारण एवं परिवहन के रोकथाम एवं विधिसम्मत कार्रवाई करने, आगामी पर्वों के मद्देनजर मादक और नशीले पदार्थों, ब्राउन शुगर की बिक्री के विरुद्ध चलाये जा रहे अभियान को तेज करने, अवैध शराब के विरूद्ध लगातार प्रभावी छापामारी अभियान चलाने, थाना के चिन्हित अपराध कर्मियों के विरुद्ध सीसीए, निगरानी, बेल कैंसिलेशन का प्रस्ताव समर्पित करने समेत अन्य कई आवश्यक दिशा निर्देश दिया गया।