
चांडिल, 17 अक्टूबर : चांडिल- कांड्रा सड़क की बदहाल स्थिति के कारण ग्रामीणों और राहगीरों को होने वाली परेशानी से छुटकारा दिलाने की मांग पर चांडिल के प्रखंड विकास पदाधिकारी को ग्रामीणों ने ज्ञापन सौंपा। सौंपे गए ज्ञापन में ग्रामीणों ने कहा कि खस्ताहाल सड़क के कारण सभी ग्रामीण और आवागमन करने वालो को धुल के साथ कई परेशानियों का सामना करना पड़ रहा हैं। बदहाल सड़क पर लोग जान हथेली पर लेकर चलते हैं। सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं। बड़े वाहन चलने के दौरान सड़क पर धुल उड़ती है, जिससे सड़क किनारे रहने वाले ग्रामीणों को भी परेशानी उठानी पड़ती है।
तीन माह पहले हुआ टेंडर
ग्रामीणों ने बताया कि उन्हें सूचना मिली है कि उक्त सड़क का निर्माण करने के लिए सरकार की ओर से तीन माह पूर्व ही टेंडर निकाली गई थी। निर्माण कार्य के लिए टेंडर की प्रक्रिया पूरी होने के बाद भी राहगीरों के साथ सड़क किनारे रहने वाले ग्रामीणों को क्यों परेशानी में डाला जा रहा है। तीन माह तक निर्माण कार्य प्रारंभ नहीं करना एक प्रकार से लापरवाही के साथ सरकारी आदेश का उल्लंघन करने जैसा है। इस भंयकर स्थिति को देखते हुए उक्त खस्ताहाल सड़क का निर्माण कार्य अविलंब प्रारंभ करवाया जाय। वहीं ऐसी स्थिति को पैदा करने वाले संबंधित विभाग के पदाधिकारियों पर उचित कार्रवाई किया जाए।




