विद्यार्थी, महिलाएं, वरिष्ठ नागरिक एवं दिव्यांगजन कर सकेंगे निशुल्क यात्रा
खूंटी, 14 अक्टूबर : राज्य सरकार द्वारा ग्रामीण कनेक्टिविटी एवं परिवहन व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से झारखंड मुख्यमंत्री ग्राम गाड़ी योजना का संचालन किया जा रहा है। इस योजना के अंतर्गत खूंटी जिले से होकर तीन बसों का नियमित संचालन किया जा रहा है, जिससे जिले के ग्रामीणों को आवागमन में बड़ी सुविधा मिल रही है। इस योजना के तहत खूंटी जिले से होकर दलभंगा (सरायकेला) से खूंटी होते हुए रांची और दो बस अड़की (खूंटी) से कुचाई (सरायकेला) के बीच संचालित हो रही है।
संचालित बसों में विद्यार्थी, महिलाएं, 60 वर्ष या इससे अधिक के वरिष्ठ नागरिक एवं दिव्यांगजन इस योजना के तहत निशुल्क यात्रा कर सकेंगे। वहीं अन्य यात्रियों के लिए रियायती दरों पर टिकट उपलब्ध कराया गया है। यात्रियों की सुरक्षा, स्वच्छता एवं सुविधा सुनिश्चित करने के लिए विशेष व्यवस्था की गई है। ग्रामीणों का कहना है कि अब उन्हें स्कूल, अस्पताल, बाजार एवं प्रखंड मुख्यालय तक पहुंचने में अत्यधिक सुविधा मिल रही है। यह योजना ग्रामीण जीवन को सरल और गतिशील बनाने की दिशा में एक सराहनीय पहल है।
जिला परिवहन पदाधिकारी ने बताया कि मुख्यमंत्री ग्राम गाड़ी योजना से ग्रामीण परिवहन व्यवस्था को नई दिशा मिल रही है। इस योजना से शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार एवं बाजार तक ग्रामीणों की पहुंच आसान हुई है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में कनेक्टिविटी बढ़ने से आत्मनिर्भरता और आर्थिक प्रगति को भी बल मिल रहा है। आने वाले दिनों में बसों की संख्या बढ़ाने की बात कही गई।