पिकअप वैन का टायर ब्लास्ट होने से वाहन के ऊपर बैठा व्यक्ति गिरा, घायल

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

पिकअप वैन का टायर ब्लास्ट होने से वाहन के ऊपर बैठा व्यक्ति गिरा, घायल

चांडिल, 10 अक्टूबर : टाटा-रांची राष्ट्रीय राजपथ पर चौका थाना क्षेत्र के चौका ओवर ब्रीज पर शुक्रवार को हुई सड़क दुर्घटना में एक व्यक्ति घायल हो गया। मिली जानकारी के अनुसार तिरुलडीह से सब्जी लेकर जमशेदपुर जा रहा एक पिकअप वैन का टायर अचानक ब्लास्ट हो गया और वैन रेलिंग से टकराते हुए रूक गया। इस दौरान वैन के ऊपर चढ़ा व्यक्ति जोरदार धमाके की आवाज से संतुलन खोकर नीचे गिर गया। गिरने से वह घायल हो गया। वाहन चालक ने बताया कि गुरुवार को ही नया टायर लगाया था, जो दूसरे दिन ही ब्लास्ट हो गया।

घायल व्यक्ति की पहचान ईचागढ़ थाना क्षेत्र के आदरडीह निवासी कार्तिक महतो के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह अन्य लोगों के साथ सब्जी लेकर पिकअप वैन से जमशेदपुर जा रहा था। इसी क्रम में चौका गांव के सामने ओवर ब्रीज पर पिकअप का पीछे का टायर ब्लास्ट हो गया। टायर ब्लास्ट होने के कारण चालक का वाहन पर से नियंत्रण बिगड़ गया, जिससे हादसा घटित हुआ। हादसे में वाहन ओवर ब्रीज के रेलिंग से टकरा कर रूक गया। टायर ब्लास्ट होने के दौरान वाहन के ऊपर बैठा कार्तिक महतो नीचे सर्विस रोड़ पर गिर गया।

स्थानीय लोगों की मदद से घायल व्यक्ति को इलाज के लिए पास के एक क्लीनिक में पहुंचाया, जहां उसका इलाज चल रहा है। घायल कार्तिक महतो के दोनों हाथ, चेहरा और सिर में चोटें आई हैं, हालांकि उसकी स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही चौका थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी ली। पुलिस घायल व्यक्ति से मिलने क्लीनिक पहुंची और उसकी स्थिति की जानकारी लेकर घटना के बारे में पूछताछ किया।

Share This Article