जिला परिवहन पदाधिकारी ने चलाया वाहन जांच अभियान, वसूला जुर्माना

Manbhum Updates
2 Min Read

जिला परिवहन पदाधिकारी ने चलाया वाहन जांच अभियान, वसूला जुर्माना


सरायकेला, 07 अक्टूबर : जिला परिवहन पदाधिकारी गिरजा शंकर महतो के नेतृत्व में मंगलवार को कांड्रा क्षेत्र में सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान के तहत ऑटो चालकों एवं दोपहिया वाहन चालकों के वाहनों की जांच की गई। अभियान के दौरान परिवहन विभाग की टीम द्वारा चालकों के वाहन पंजीकरण प्रमाणपत्र, ड्राइविंग लाइसेंस, बीमा, फिटनेस प्रमाणपत्र एवं प्रदूषण नियंत्रण प्रमाणपत्र की विधिवत जांच की गई। निरीक्षण के क्रम में कई ऑटो चालकों द्वारा निर्धारित सीट क्षमता से अधिक यात्री बैठाने की पुष्टि होने पर उन पर जुर्माना किया गया तथा भविष्य में इस प्रकार की लापरवाही न दोहराने की कड़ी चेतावनी दी गई।

जिला परिवहन पदाधिकारी ने कहा कि सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करना एवं दुर्घटनाओं की रोकथाम जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी चालकों से अपील की कि वे वाहन परिचालन के समय सुरक्षा मानकों एवं यातायात नियमों का पूर्ण पालन करें। उन्होंने चालकों को निर्देश दिया कि सभी वाहन चालक वैध दस्तावेज़ों को हमेशा साथ रखें। दोपहिया वाहन चालक एवं सवार दोनों हेलमेट का उपयोग करें, चारपहिया वाहनों पर द्वारा सीट बेल्ट का प्रयोग अनिवार्य रूप से किया जाए। ऑटो एवं वाणिज्यिक वाहनों में निर्धारित सीट क्षमता से अधिक यात्री न बैठाएं तथा किसी भी स्थिति में ओवरलोडिंग न करें। स्कूल वाहन चालक निर्धारित गति सीमा का पालन करें और ओवरलोडिंग से बचें। यातायात संकेतों एवं सड़क सुरक्षा नियमों का कड़ाई से पालन करें।

Share This Article