पर्यटन विकास, खेल अवसंरचना सुदृढ़ीकरण एवं युवा कार्यक्रमों के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए हुई समीक्षा बैठक

Manbhum Updates
3 Min Read

पर्यटन विकास, खेल अवसंरचना सुदृढ़ीकरण एवं युवा कार्यक्रमों के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए हुई समीक्षा बैठक


सरायकेला, 06 अक्टूबर : सरायकेला-खरसावां जिले के उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में सोमवार को पर्यटन, कला, संस्कृति, खेल-कूद एवं युवा कार्य विभाग से संबंधित समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में अधिसूचित 45 पर्यटन स्थलों के विकास कार्यों की अद्यतन समीक्षा की गई। इस अवसर पर जिला खेल पदाधिकारी अमित कुमार ने बताया कि जिले के अधिसूचित पर्यटन स्थलों में से 2 स्थल ग्रेड ए, 3 स्थल ग्रेड बी, 7 स्थल ग्रेड सी तथा 33 स्थल ग्रेड डी श्रेणी के अंतर्गत चिह्नित किए गए हैं। उपायुक्त ने निर्देश दिया कि सभी स्थलों से संबंधित डीपीआर शीघ्र तैयार कर विभाग को प्रेषित किया जाए, ताकि स्वीकृति प्राप्त होने के बाद विकास कार्य समयबद्ध ढंग से प्रारंभ किए जा सके।

बैठक के दौरान खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग से संबंधित योजनाओं की भी विस्तृत समीक्षा की गई। उपायुक्त ने स्टेडियम, प्रशिक्षण केंद्र, छात्रावास निर्माण एवं खेल परिसर विकास जैसे कार्यों की अद्यतन स्थिति पर चर्चा करते हुए कहा कि इन कार्यों को निर्धारित समयसीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूर्ण कर विभाग को हस्तांतरित किया जाए। उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि पूर्ण हो चुकी परियोजनाओं को विभाग को हैंडओवर कर उनका प्रभावी उपयोग किया जाए। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को निर्देश दिया कि पर्यटन एवं खेल के विकास कार्यों के लिए आपसी समन्वय को और सुदृढ़ करें, संभावनाशील स्थलों की पहचान करें तथा पर्यटन संभावनाओं वाले क्षेत्रों में आवश्यक अधोसंरचना विकसित करें।

उपायुक्त ने जिले में संचालित सिधो-कान्हू युवा खेल क्लबों की गतिविधियों की अद्यतन समीक्षा कर क्लबों के माध्यम से युवाओं को खेल एवं सामाजिक गतिविधियों से जोड़ने के लिए ठोस पहल करने का निर्देश दिया। उपायुक्त ने कहा कि पर्यटन, कला, संस्कृति एवं खेल विभाग की योजनाएँ जिले की सांस्कृतिक पहचान, खेल प्रतिभा संवर्धन तथा आर्थिक विकास में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने सभी विभागों से अपेक्षा की कि वे पारदर्शिता, उत्तरदायित्व और समयबद्धता के साथ योजनाओं का क्रियान्वयन सुनिश्चित करें। बैठक में उप विकास आयुक्त रीना हांसदा, विभिन्न कार्य प्रभाग के कार्यपालक अभियंता आदि उपस्थिति रहें।

Share This Article