जमशेदपुर: उपायुक्त की अध्यक्षता में जिला समन्वय समिति की बैठक, विकास योजनाओं की प्रगति की समीक्षा

Manbhum Updates
3 Min Read

जमशेदपुर: उपायुक्त की अध्यक्षता में जिला समन्वय समिति की बैठक, विकास योजनाओं की प्रगति की समीक्षा

जमशेदपुर, 24 सितंबर : समाहरणालय सभागार में मंगलवार को जिला समन्वय समिति की बैठक उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में विभिन्न विभागों की विकास एवं कल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई और उनके प्रभावी क्रियान्वयन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

बैठक में उपायुक्त ने कहा कि विभागीय समन्वय के अभाव में योजनाओं में अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि योजनाओं का ससमय क्रियान्वयन होने से लक्षित वर्ग को सीधे लाभ मिलता है।

बैंकों की लापरवाही पर नाराज़गी

सरकारी स्कूलों के बच्चों के बैंक खाते खोलने में शिथिलता बरते जाने पर उपायुक्त ने असंतोष व्यक्त किया। जिले के विभिन्न बैंक शाखाओं में करीब 5000 आवेदन लंबित हैं। इस पर उपायुक्त ने जिला शिक्षा पदाधिकारी को निर्देश दिया कि ऐसे बैंक शाखाओं की सूची तैयार कर उन्हें ब्लैकलिस्ट किया जाए और सरकारी सेवाओं के लिए इन शाखाओं का उपयोग न किया जाए। साथ ही एलडीएम को लंबित आवेदनों को प्राथमिकता से निपटाने का निर्देश दिया गया।

यूरिया की कालाबाजारी पर कड़ी कार्रवाई के निर्देश

जिले में यूरिया की कालाबाजारी की शिकायतों पर गंभीरता से संज्ञान लेते हुए उपायुक्त ने दोनों अनुमंडलों के एसडीएम को खाद दुकानों की औचक जांच कर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

शिक्षा और आधारभूत संरचना पर जोर

जिले के 183 सरकारी विद्यालयों में अतिरिक्त क्लासरूम निर्माण व मरम्मतीकरण हेतु प्रस्ताव ग्रामसभा से पारित कर डीएमएफटी गवर्निंग काउंसिल की बैठक में स्वीकृति के लिए भेजने का निर्देश दिया गया।

डिजिटल क्रॉप सर्वे में अपेक्षित प्रगति लाने हेतु सभी बीडीओ व सीओ को प्रत्येक अंचल में 500 एकड़ भूमि का लक्ष्य दिया गया। साथ ही मुख्यमंत्री मंइयां सम्मान योजना एवं अन्य पेंशन योजनाओं के लाभुकों को समय पर भुगतान सुनिश्चित करने पर भी चर्चा हुई।

बैठक में जाहेरस्थान घेराबंदी, धुमकुड़िया निर्माण, गोदाम निर्माण, श्रमिक हितकारी योजनाओं का प्रचार-प्रसार, मुख्यमंत्री ट्रैक्टर वितरण योजना, कृषि यांत्रिकीकरण प्रोत्साहन योजना, सड़क सुरक्षा अभियान, पथ निर्माण योजनाओं में भूमि सत्यापन समेत अन्य मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में उप विकास आयुक्त नागेन्द्र पासवान, अपर उपायुक्त भगीरथ प्रसाद, निदेशक एनईपी संतोष गर्ग, डीटीओ, डीएमसी जेएनएसी, एसडीओ, डीपीआरओ, डीसीएलआर, बीडीओ, सीओ समेत सभी विभागीय पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Share This Article