साक्षरता के संदेश के साथ पुरुलिया की सड़कों पर उतरे छात्र – जागरूकता रैली निकालकर शिक्षा के महत्व का दिया संदेश, मूकाभिनय के जरिए भी किया जागरूक

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

साक्षरता के संदेश के साथ पुरुलिया की सड़कों पर उतरे छात्र – जागरूकता रैली निकालकर शिक्षा के महत्व का दिया संदेश, मूकाभिनय के जरिए भी किया जागरूक

पुरुलिया, 09 सितंबर : अंतरराष्ट्रीय साक्षरता दिवस के अवसर पर मंगलवार को पुरुलिया में जिला प्रशासन की ओर से जागरूकता रैली एवं विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। साक्षरता और शिक्षा के महत्व को आम लोगों तक पहुंचाने के उद्देश्य से निकाली गई रैली में विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

रैली जिला प्राथमिक शिक्षा विभाग के कार्यालय से जिला सूचना एवं संस्कृति विभाग के कार्यालय तक निकाली गई। इसमें मानभूम मूक एवं बधिर विद्यापीठ, मानभूम दृष्टि दिव्यांग शिक्षा निकेतन, पुरुलिया जिला स्कूल, नजरुल बालिका विद्यापीठ और राजकीय उच्च माध्यमिक बालिका विद्यालय के छात्र-छात्राएं शामिल हुए। हाथों में साक्षरता और शिक्षा से संबंधित संदेश लिखी तख्तियां लेकर विद्यार्थियों ने लोगों को शिक्षा के प्रति जागरूक किया।

रैली के समापन के बाद जिला सूचना एवं संस्कृति विभाग के सभागार में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिला प्राथमिक शिक्षा विभाग के अधिकारी, जिला जन शिक्षा प्रसार अधिकारी, जिला सूचना एवं संस्कृति विभाग के अधिकारी, समाजसेवी गौतम राय, शिक्षक-शिक्षिकाएं, प्रशासनिक अधिकारी एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि साक्षरता केवल पढ़ने-लिखने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह व्यक्ति में आत्मविश्वास, जागरूकता और अधिकारों की समझ विकसित करती है। समाज के वंचित और पिछड़े वर्गों को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए सामूहिक प्रयास जरूरी है।

उन्होंने कहा कि जब समाज का प्रत्येक व्यक्ति शिक्षा के प्रकाश से जुड़ेगा, तभी समग्र विकास का लक्ष्य हासिल किया जा सकेगा। कार्यक्रम के अंत में छोटे बच्चों ने मूकाभिनय प्रस्तुत कर शिक्षा और साक्षरता का प्रभावी संदेश दिया। प्रसिद्ध समाजसेवी एवं भाजपा नेता गौतम राय तथा राजकीय उच्च माध्यमिक बालिका विद्यालय की शिक्षिका चंद्रा साउ ने साक्षरता और शिक्षा के महत्व पर अपने विचार साझा किए।

पुरुलिया से सिद्धार्थ सेन की रिपोर्ट, मानभूम अपडेट

Share This Article