बानसा में आयोजित हुआ ऑस्टियो आर्थराइटिस जांच शिविर, 84 मरीजों की हुई स्वास्थ्य जांच
चांडिल, 11 सितंबर : सरायकेला खरसावां जिले के चांडिल प्रखंड अंतर्गत बानसा स्थित आयुष्मान आरोग्य मंदिर, (आयुष) में शुक्रवार को ऑस्टियोआर्थराइटिस यानी जोड़ों के दर्द से संबंधित जांच एवं उपचार शिविर का आयोजन किया गया। पंचायत धुनबुरू क्षेत्र में आयोजित शिविर में ग्रामीणों को उनके निकट ही स्वास्थ्य जांच, उपचार, दवा और आवश्यक परामर्श की सुविधा उपलब्ध कराई गई।
शिविर के दौरान कुल 84 मरीजों की स्वास्थ्य जांच की गई। जांच के बाद जरूरत के अनुसार मरीजों के बीच निःशुल्क दवाओं का वितरण किया गया। शिविर में विशेष रूप से जोड़ों के दर्द और ऑस्टियोआर्थराइटिस से पीड़ित मरीजों की जांच कर उपचार संबंधी सलाह दी गई। इसके अलावा खांसी और गैस्ट्राइटिस जैसी समस्याओं के लिए होम्योपैथिक दवाएं भी उपलब्ध कराई गईं।
स्वास्थ्य शिविर के दौरान मरीजों के ब्लड प्रेशर और रक्त शर्करा (शुगर) की भी जांच की गई। चिकित्सकों ने मरीजों को स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक परामर्श देते हुए नियमित जांच और उचित उपचार पर जोर दिया।
शिविर का संचालन आयुष चिकित्सक डॉ. विवेक कुमार एवं डॉ. छाया कुमारी के मार्गदर्शन में किया गया। शिविर के सफल आयोजन में सहिया रतनी देवी, पुष्पा दास, सोनमोनी देवी, विनती महतो एवं रश्मानी महतो तथा योग प्रशिक्षक अरिजीत दत्ता खान का महत्वपूर्ण सहयोग रहा।
शिविर के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को स्थानीय स्तर पर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के साथ उन्हें रोगों के प्रति जागरूक भी किया गया।



