प्रखंडवार लगेगा ड्राइविंग लाइसेंस शिविर, 18 सितंबर से शुरू होगी प्रक्रिया – पढ़ें पूरी खबर, जानिए तिथिवार प्रखंडों की सूची

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

प्रखंडवार लगेगा ड्राइविंग लाइसेंस शिविर, 18 सितंबर से शुरू होगी प्रक्रिया – पढ़ें पूरी खबर, जानिए तिथिवार प्रखंडों की सूची

सरायकेला/चांडिल, 11 सितंबर : जिलेवासियों की सुविधा और ड्राइविंग लाइसेंस प्राप्त करने की प्रक्रिया को आसान बनाने के उद्देश्य से जिले के सभी प्रखंडों में प्रखंडवार ड्राइविंग लाइसेंस शिविर आयोजित किए जाएंगे। जिला परिवहन पदाधिकारी शंकराचार्य सामद ने बताया कि प्रथम चरण में 18 सितंबर से 11 दिसंबर तक अलग-अलग तिथियों पर शिविर लगाए जाएंगे।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 18 सितंबर को चांडिल, 25 सितंबर को ईचागढ़, 9 अक्टूबर को कुकड़ू, 23 अक्टूबर को नीमडीह, 30 अक्टूबर को सरायकेला, 20 नवंबर को राजनगर, 27 नवंबर को खरसावां, 4 दिसंबर को कुचाई तथा 11 दिसंबर को गम्हरिया प्रखंड में शिविर आयोजित होगा।

शिविर में लर्नर लाइसेंस प्राप्त कर चुके आवेदकों का ड्राइविंग टेस्ट लिया जाएगा। इसके अलावा स्लॉट बुकिंग एवं ड्राइविंग लाइसेंस निर्गमन से संबंधित प्रक्रिया भी पूरी की जाएगी। आवेदकों को परिवहन विभाग के सारथी पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर संबंधित शिविर की तिथि के लिए स्लॉट बुक करना होगा।

स्लॉट बुक करने के बाद आवेदन की हार्ड कॉपी और आवश्यक दस्तावेजों के साथ निर्धारित तिथि को संबंधित प्रखंड कार्यालय में उपस्थित होना होगा। दोपहिया वाहन के ड्राइविंग टेस्ट के लिए हेलमेट सहित वाहन तथा चारपहिया वाहन के टेस्ट के लिए LMV वाहन साथ लाना अनिवार्य होगा।

जिला परिवहन पदाधिकारी ने सभी संबंधित लर्नर लाइसेंसधारियों से निर्धारित समय पर स्लॉट बुक कर आवश्यक दस्तावेज एवं वाहन के साथ शिविर में पहुंचकर ड्राइविंग टेस्ट की प्रक्रिया पूरी करने की अपील की है।

Share This Article