चांडिल सिविल कोर्ट में 12 सितंबर को लोक अदालत, बैंक लोन से ट्रैफिक चालान तक मामलों का होगा निपटारा
चांडिल, 11 सितंबर : चांडिल सिविल कोर्ट परिसर में आगामी 12 सितंबर को लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा। लोक अदालत में आपसी सहमति, सुलह और समझौते के आधार पर विभिन्न मामलों का त्वरित निपटारा कराने का अवसर लोगों को मिलेगा। खासकर बैंक लोन, बिजली-पानी के बिल, ट्रैफिक चालान सहित छोटे-मोटे विवादों से जुड़े मामलों के समाधान की उम्मीद है।
लोक अदालत का आयोजन सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक किया जाएगा। वाहन चालकों के लिए ट्रैफिक चालान से जुड़े मामलों के निपटारे का भी अवसर रहेगा। पुराने और नए चालानों का नियमानुसार समझौते के माध्यम से निपटारा कराया जा सकता है।
लोक अदालत में पहुंचने वाले संबंधित पक्षों को अपने मामले से जुड़े आवश्यक दस्तावेज साथ लाने की सलाह दी गई है। अधिवक्ताओं के अनुसार, लोक अदालत का उद्देश्य आपसी सहमति के माध्यम से विवादों का सरल और शीघ्र समाधान कराना है, जिससे लोगों को लंबी न्यायिक प्रक्रिया से राहत मिल सके।
अनुमंडलीय न्यायालय चांडिल के अधिवक्ताओं गोवर्धन महतो, भास्कर मिश्रा, मंगल सिंह मुंडा, संजय महतो, तापसी मंडल और समीर कुमार महतो ने आम लोगों से लोक अदालत की जानकारी जरूरतमंदों तक पहुंचाने की अपील की है।



