सरायकेला-खरसावां : जिले के 10 पंचायतों में जागरूकता व लाभ-संतृप्ति शिविर आयोजित

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

सरायकेला, 17 जून |सरायकेला-खरसावां जिले में “धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान” के तहत आज 17 जून को जिले के पांच प्रखंडों के 10 पंचायतों में व्यापक स्तर पर जागरूकता सह लाभ – संतृप्ति शिविरों का आयोजन किया गया। इन शिविरों में ग्रामीणों की भारी भागीदारी देखने को मिली, जिससे सरकार की कल्याणकारी योजनाओं के प्रति लोगों की जागरूकता और भरोसे का साफ संकेत मिला।

 

अभियान का उद्देश्य जनजातीय बहुल क्षेत्रों में केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देना और पात्र लाभुकों तक त्वरित सेवा सुनिश्चित करना है। यह अभियान 15 से 30 जून तक अनुसूचित जनजाति, अनुसूचित जाति एवं पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग के निर्देशानुसार चलाया जा रहा है।

आज आयोजित शिविर सरायकेला, राजनगर, गम्हरिया, चांडिल और इचागढ़ प्रखंडों के चयनित पंचायतों में लगाए गए थे। शिविरों में पीएम जनमन, आयुष्मान भारत, वन अधिकार कानून, पेंशन योजना, मनरेगा, जल जीवन मिशन, जनधन योजना, राशन कार्ड, पीएम विश्वकर्मा योजना जैसी प्रमुख योजनाओं से संबंधित जानकारी दी गई एवं योग्य लाभार्थियों से आवेदन प्राप्त किए गए।

 

शिविरों में विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों के माध्यम से न केवल योजनाओं की जानकारी दी गई बल्कि परिसंपत्तियों का वितरण भी किया गया। ग्रामीणों को योजना के अंतर्गत आवेदन प्रक्रिया, पात्रता मानदंड, और लाभ प्राप्त करने के उपायों की जानकारी दी गई।

 

उपायुक्त नीतीश कुमार सिंह के कुशल निर्देशन में इन शिविरों का संचालन किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि “धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान” सरकार की सेवा-संतृप्ति नीति की दिशा में एक सार्थक प्रयास है, जिससे यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचे।

 

उन्होंने यह भी कहा कि अभियान के तहत प्रत्येक पंचायत स्तर पर शिविर लगाकर स्थानीय समुदायों को योजनाओं से जोड़ने का कार्य तेज गति से चल रहा है, जिससे समाज के सबसे वंचित तबकों को मुख्यधारा से जोड़ा जा सके।

Share This Article