
जमशेदपुर, 14 जून : बिष्टुपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत सर्किट हाउस के पास शनिवार की सुबह तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। सोनारी से साकची की ओर जा रहे दो युवकों की बाइक तेज रफ्तार में अनियंत्रित होकर पेड़ से जा टकराई। हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया।
मृतक की पहचान सोनारी निवासी सुरजन पासवान (उम्र लगभग 17 वर्ष) के रूप में हुई है। वह एक गैराज में काम करता था और शनिवार की सुबह करीब 11:00 बजे अपने दोस्त शिव कर्मकार के साथ बाइक से साकची मार्केटिंग के लिए निकला था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बाइक की रफ्तार बहुत तेज थी, जिससे संतुलन बिगड़ने के बाद वह पेड़ से टकरा गई।
हादसे में सुरजन की मौके पर ही मौत हो गई, वहीं शिव कर्मकार गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे स्थानीय लोगों की मदद से तत्काल टाटा मुख्य अस्पताल (टीएमएच) में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों के अनुसार उसकी स्थिति फिलहाल गंभीर बनी हुई है।
मृतक के पिता शिवसागर पासवान ने बताया कि सुरजन सुबह घर से यह कहकर निकला था कि वह अपने दोस्त के साथ साकची जा रहा है। परिवार इस हादसे से गहरे सदमे में है।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच जारी है।


