
सरायकेला : समाहरणालय स्थित सभागार में गुरुवार को उपायुक्त नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में कृषि एवं इससे संबंधित विभागों की समीक्षात्मक बैठक संपन्न हुई। बैठक में किसानों की आय बढ़ाने, योजनाओं के लक्ष्य पूर्ण करने और अधिक से अधिक लाभुकों को जोड़ने पर विशेष बल दिया गया।
बैठक में कृषि, पशुपालन, मत्स्य पालन, डेयरी, उद्यान, सहकारिता आदि विभागों द्वारा संचालित योजनाओं जैसे प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, किसान क्रेडिट कार्ड (KCC), मुख्यमंत्री कृषि ऋण माफी योजना, केज कल्चर, संरक्षित फूलों की खेती, अर्बन फार्मिंग, किसान समृद्धि योजना, ई-केवाईसी समेत अन्य योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई।
बैठक में उपायुक्त ने स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि सभी विभाग पंचायत स्तर पर शिविर आयोजित कर लाभुकों की भागीदारी सुनिश्चित करें। उन्होंने जिला कृषि पदाधिकारी को केसीसी और कृषि ऋण माफी योजना से अधिक से अधिक किसानों को जोड़ने के निर्देश दिए। साथ ही पशुपालन विभाग को डेयरी और पशुधन योजनाओं की प्रगति में तेजी लाने को कहा गया।

जिला मत्स्य पदाधिकारी को केज कल्चर व अन्य मत्स्य योजनाओं के तहत प्राप्त आवेदनों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। वहीं, उद्यान पदाधिकारी से संरक्षित फूलों की खेती और अर्बन फार्मिंग योजनाओं की अद्यतन रिपोर्ट देने तथा एजेंसियों द्वारा क्रियान्वित योजनाओं का भौतिक सत्यापन कराने को कहा गया।
उपायुक्त श्री सिंह ने कहा कि सभी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे, इसके लिए विभागीय समन्वय और व्यापक प्रचार-प्रसार आवश्यक है। उन्होंने कहा कि सक्रिय किसानों को उनकी रुचि के अनुरूप प्रशिक्षण देकर योजनाओं से जोड़ा जाए, ताकि आत्मनिर्भरता की दिशा में ठोस पहल हो सके।
बैठक के दौरान उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि कृषि, पशुपालन, मत्स्य आदि क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य कर रहे किसानों की सफलता की कहानियों को समाचार माध्यमों और सोशल मीडिया के जरिए प्रचारित किया जाए, जिससे अन्य किसान प्रेरित होकर अपनी आय बढ़ाने की दिशा में प्रयास करें।
बैठक के अंत में उपायुक्त ने सभी विभागों को जनकल्याणकारी योजनाओं के पारदर्शी, समयबद्ध एवं लक्ष्य आधारित क्रियान्वयन पर बल देते हुए कहा कि यदि कार्यान्वयन में कोई अड़चन आती है तो संबंधित अधिकारी तुरंत जिला मुख्यालय को सूचित करें, ताकि समाधान सुनिश्चित किया जा सके।
इस अवसर पर उप विकास आयुक्त आशीष अग्रवाल, अपर उपायुक्त जयवर्धन कुमार, जिला कृषि पदाधिकारी, पशुपालन, मत्स्य, गव्य विकास, उद्यान पदाधिकारी सहित अन्य विभागों के अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।


