झारखंड ग्रामीण बैंक ने दिवंगत सुंदर बिरुली के परिजन को सौंपा ₹2 लाख का बीमा क्लेम

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना के तहत आदित्यपुर एसएमई शाखा में किया गया दावा भुगतान

आदित्यपुर, 13 अक्टूबर : झारखंड ग्रामीण बैंक की आदित्यपुर एसएमई शाखा में प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना (PMJJBY) के तहत दिवंगत ग्राहक सुंदर बिरुली के नामांकित व्यक्ति को ₹2 लाख की बीमा राशि का चेक सौंपा गया। इस दौरान बीमा क्लेम की स्वीकृति का पत्र भी प्रदान किया गया।

कार्यक्रम में बैंक के सिंहभूम क्षेत्रीय प्रबंधक कुमार अभिषेक ने लाभार्थी को चेक सौंपा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना आम नागरिकों को कम प्रीमियम पर जीवन बीमा सुरक्षा प्रदान करने वाली महत्वपूर्ण योजना है। बीमित व्यक्ति की मृत्यु होने पर यह योजना उसके परिवार को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराती है।

उन्होंने कहा कि बैंक का प्रयास है कि बीमा दावों का भुगतान सुचारु और समयबद्ध तरीके से किया जाए, ताकि जरूरतमंद परिवारों को कठिन समय में आर्थिक सहायता मिल सके।

इस अवसर पर बैंक के वरिष्ठ अधिकारियों, आदित्यपुर एसएमई शाखा के शाखा प्रबंधक एवं कर्मचारियों सहित स्थानीय गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

वहीं, दिवंगत सुंदर बिरुली के परिजनों ने बीमा क्लेम की राशि मिलने पर बैंक प्रबंधन के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि इस कठिन समय में मिली आर्थिक सहायता से परिवार को संबल मिलेगा।

गौरतलब है कि प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना के तहत निर्धारित पात्रता एवं शर्तों के अनुसार बीमित व्यक्ति की मृत्यु होने पर नामांकित व्यक्ति को ₹2 लाख का जीवन बीमा लाभ दिया जाता है। झारखंड ग्रामीण बैंक की ओर से भी ग्राहकों को सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से जोड़ने और पात्र लाभार्थियों तक इनका लाभ पहुंचाने पर जोर दिया जा रहा है।

Share This Article