सरायकेला : पोषण माह–2025 का शुभारंभ, कुपोषण उन्मूलन पर दिया गया जोर

Manbhum Updates
2 Min Read

सरायकेला : पोषण माह–2025 का शुभारंभ, कुपोषण उन्मूलन पर दिया गया जोर

सरायकेला, 18 सितंबर : सरायकेला-खरसावां जिला अंतर्गत गुरुवार को पोषण माह–2025 का विधिवत शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन जिला समाज कल्याण पदाधिकारी सत्या ठाकुर की उपस्थिति में हुआ। इस मौके पर आंगनबाड़ी सेविकाओं, सहायिकाओं, आशा कार्यकर्ताओं, विद्यालयी छात्राओं, ग्रामीण महिलाओं और बच्चों की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली।

कार्यक्रम की शुरुआत सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और पोषण रैली से हुई, जिसमें महिलाओं और बच्चों ने संतुलित आहार एवं स्वास्थ्य से जुड़े संदेशों के साथ लोगों को जागरूक किया।

अपने संबोधन में ठाकुर ने कहा कि पोषण माह का उद्देश्य कुपोषण एवं अति गंभीर कुपोषण (SAM) से प्रभावित बच्चों की पहचान, उपचार और समुदाय में पोषण जागरूकता को बढ़ावा देना है। उन्होंने विशेष रूप से गर्भवती एवं धात्री माताओं को पोषण संबंधी परामर्श और शिशुओं के जीवन के पहले 1000 दिनों की देखभाल पर बल दिया।

कार्यक्रम के दौरान संतुलित आहार का महत्व, पहले 1000 दिनों की देखभाल, कुपोषण उन्मूलन में आंगनबाड़ी केंद्रों और पोषण पुनर्वास केंद्रों (NRC) की भूमिका, समुदाय की भागीदारी तथा विभिन्न योजनाओं के लाभ पर जोर दिया गया।

मौके पर महिलाओं और बच्चों ने स्लोगन एवं पोस्टर के माध्यम से संदेश दिया –
“संतुलित आहार अपनाएँ, कुपोषण को मिटाएँ, स्वस्थ समाज बनाएँ।”

पोषण माह–2025 का यह शुभारंभ जिले को कुपोषण मुक्त समाज की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है, जिसमें सरकार, विभागीय अधिकारी और समुदाय की सामूहिक भूमिका अहम होगी।

Share This Article