चांडिल : भीषण सड़क हादसा, एक की मौत, दो घायल

Manbhum Updates
2 Min Read

चांडिल : भीषण सड़क हादसा, एक की मौत, दो घायल

 

चांडिल, 17 सितंबर : सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल थाना क्षेत्र में बुधवार तड़के करीब तीन बजे हुए एक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को दहला दिया। चांडिल थाना क्षेत्र के कंदरबेड़ा चौक के पास एक अज्ञात वाहन ने स्कूटी पर सवार तीन युवकों को जोरदार टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में आदित्यपुर रोड नंबर-12 निवासी 43 वर्षीय विशाल सिंह की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके साथी पवन और सुमन गंभीर रूप से घायल हो गए।

जानकारी के मुताबिक, विशाल सिंह पेशे से स्कूल वैन चालक था। देर रात वह अपने दोस्तों पवन और सुमन के साथ स्कूटी से मंजीत होटल भोजन करने आ रहा था, इसी दौरान जब तीनों डोबो रोड से सड़क पार कर रहे थे, तभी अचानक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी स्कूटी को चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि विशाल की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के समय स्कूटी पवन चला रहा था। स्थानीय लोगों की मदद से घायल पवन और सुमन को तुरंत एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

इधर, चांडिल थाना पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है और फरार वाहन चालक की तलाश की जा रही है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, मृतक विशाल सिंह अपने पीछे 10 वर्षीय बेटे को छोड़ गया है। हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। फिलहाल, शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

Share This Article