नीमडीह पुलिस की बडी कार्रवाई : नकली अंग्रेजी शराब फैक्ट्री का भंडाफोड़, दो गिरफ्तार

Manbhum Updates
4 Min Read

नीमडीह पुलिस की बडी कार्रवाई : नकली अंग्रेजी शराब फैक्ट्री का भंडाफोड़, दो गिरफ्तार

 

नीमडीह, 17 सितंबर : आगामी दुर्गा पूजा को देखते हुए जिले में अवैध शराब के निर्माण और बिक्री पर रोक लगाने के लिए पुलिस अधीक्षक सरायकेला-खरसावां के निर्देश पर विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में नीमडीह थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने थाना क्षेत्र अंतर्गत तेतलो गांव में चल रही नकली अंग्रेजी शराब फैक्ट्री का भंडाफोड़ कर दो लोगों को गिरफ्तार किया है।

जानकारी के मुताबिक, पुलिस अधीक्षक को मिली गुप्त सूचना के आधार पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी चांडिल के नेतृत्व में छापामारी की गई। इस दौरान तेतलो निवासी अशोक गोप उर्फ वीडियो गोप के घर पर छापेमारी की गई, जहां से एक टेंपो के लोड भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब बरामद किया गया। वहीं, इस छापेमारी में चांडिल थाना के भादूडीह निवासी निरंजन गोराई तथा जमशेदपुर के परसुडीह थाना क्षेत्र के हलुदबनी निवासी प्रकाश कुमार गुप्ता को रंगेहाथों गिरफ्तार किया गया है।

बताया जा रहा है दोनों आरोपी घर के अंदर न केवल नकली अंग्रेजी शराब तैयार कर रहे थे, बल्कि पैकिंग के लिए स्प्रिट, लेबल, स्टिकर, ढक्कन और अन्य सामग्री भी बरामद की गई।

पुलिस ने बताया कि आगामी दुर्गा पूजा के मौके पर शराब की भारी खपत को देखते हुए यह नकली फैक्ट्री संचालित की जा रही थी। फिलहाल दोनों आरोपियों पर नीमडीह थाना में एफआईआर दर्ज किया गया है। पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश में जुट गई है।

छापामारी के दौरान पुलिस ने भारी मात्रा में नकली शराब और पैकिंग सामग्री बरामद की। इसमें Mc Dowells No-1 Luxury ब्रांड के 375 एमएल नकली अंग्रेजी शराब – 112 बोतल, Mc Dowells No-1 Luxury ब्रांड के 180 एमएल नकली अंग्रेजी शराब – 125 बोतल, Iconiq White ब्रांड के 375 एमएल नकली अंग्रेजी शराब – 61 बोतल, Iconiq White ब्रांड के 180 एमएल नकली अंग्रेजी शराब – 160 बोतल, शराब की बोतलों के ढक्कन करीब 100 पीस, Kings Gold, Dream Girl, Royal Challenge और Mc Dowells No-1 Luxury के नकली लेबल, शराब की बोतलों पर चिपकाने वाले झारखंड सरकार के लोगो और QR कोड वाले स्टिकर बरामद किया है।

इसके अलावा, दो गैलन, एक प्लास्टिक की बाल्टी, एक छन्ना और अन्य उपकरण जब्त किए गए। मौके से एक बजाज मैक्सिमा टेम्पो (JH05DU-1845) भी बरामद हुआ।

छापामारी दल की कार्रवाई में नीमडीह थाना प्रभारी संतन कुमार तिवारी के नेतृत्व में पुलिस पदाधिकारी केशनाथ प्रसाद, दशरथ हेंब्रम, पंकज कुमार शुक्ला, टूना प्रसाद सिंह, बलराम महतो एवं आशीष पोद्दार तथा नीमडीह थाना रिजर्व गार्ड शामिल थे।

थाना प्रभारी संतन तिवारी का कहना है कि क्षेत्र में नकली शराब के खिलाफ अभियान और तेज किया जाएगा। आने वाले दिनों में अन्य जगहों पर भी छापेमारी की जाएगी, ताकि त्योहारों के दौरान अवैध शराब के कारोबार पर पूरी तरह से लगाम लगाई जा सके।

Share This Article