सरायकेला और चांडिल न्यायालय में राष्ट्रीय लोक अदालत 13 को, चला जागरूकता अभियान

ईचागढ, 12 सितंबर : राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशानुसार जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में 13 सितंबर को सरायकेला सिविल कोर्ट और चांडिल कोर्ट परिसर में राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन होगा। लोक अदालत में अधिक से अधिक लोगों को लाभ मिले इसके लिए जगह-जगह जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। सरायकेला-खरसावां जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव तौसीफ मेराज के आदेशानुसार ईचागढ़ के पीएलवी गंगासागर पाल ने शुक्रवार को अपने क्षेत्र में जागरूकता अभियान चलाया। पीएलवी ने ईचागढ़ प्रखंड क्षेत्र के गौरांगकोचा पंचायत अंतर्गत काठघोड़ा गांव में जागरूकता अभियान चलाकर लोगों को राष्ट्रीय लोक अदालत की जानकारी दी।
लोक अदालत का लाभ उठाए ग्रामीण
पीएलवी गंगासागर पाल ने इस अवसर पर ग्रामीणों को जानकारी दी कि लोक अदालत में पुराने से पुराने मामलों का निपटारा किया जा सकता है। लोक अदालत में आपसी सुलह से ऋण समस्या, बिजली मामला, जमीन-जायदाद का मामला, घरेलू हिंसा का मामला समेत कई लंबित मामलों का भी समाधान संभव है। उन्होंने बताया कि लोक अदालत में बैंकों के एनपीए ऋण खाताधारकों को भारी छूट के साथ एकमुश्त समझौता कर ऋणमुक्त होने का मौका मिलेगा। लोक अदालत में आने वाले खाताधारकों को उनके लंबित ऋण मामलों का निपटारा आसान और पारदर्शी प्रक्रिया के तहत कराया जाएगा। इसके साथ ही विद्युत चोरी समेत अन्य प्रकार के मामलों का निष्पादन किया जाएगा।



