जिला नियोजनालय सह मॉडल कैरियर सेंटर में सोमवार को आयोजित होगा रोजगार मेला

सरायकेला, 31 अगस्त : जिला नियोजनालय सह मॉडल कैरियर सेंटर, सरायकेला में सोमवार एक सितंबर को रोजगार मेला आयोजित किया जाएगा। इस संबंध में जिला नियोजन पदाधिकारी आलोक कुमार टोपनो ने बताया कि रोजगार मेले में श्याम स्टील लिमिटेड, रामकृष्णा फोर्जिंग्स लिमिटेड, बीएन ट्रैक्टर्स, प्रवीण इंजीनियरिंग, युवा शक्ति फाउंडेशन एवं मल्टीटेक प्राइवेट लिमिटेड सहित जिले की प्रमुख एवं प्रतिष्ठित कंपनियां भाग लेंगी। मेले में 800 से अधिक पदों पर सरायकेला-खरसावां, जमशेदपुर एवं चाईबासा क्षेत्र में नियुक्ति हेतु योग्य उम्मीदवारों का चयन किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि चयनित अभ्यर्थियों को विभिन्न कंपनियों द्वारा 13,000 से 35,000 रुपये प्रतिमाह की दर से वेतन प्रदान किया जाएगा। साथ ही उन्हें मुफ्त बस सेवा, कैंटीन सुविधा,पीएफ एवं ईएसआईसी, इंसेंटिव एवं अन्य लाभ व सुविधाए भी दी जाएगी। उन्होंने बताया कि अभ्यर्थियों की आयु 18 से 45 वर्ष होनी चाहिए और शैक्षणिक योग्यता 8वीं, 10वीं, इंटरमीडिएट, आईटीआई, डिप्लोमा, स्नातक, स्नातकोत्तर, बीटेक एवं एमबीए होना चाहिए। जिला नियोजन पदाधिकारी ने जिले के सभी योग्य अभ्यर्थियों से आह्वान किया है कि वे अधिक से अधिक संख्या में भाग लेकर रोजगार के अवसरों का लाभ उठाएं। इच्छुक नए एवं अनुभवी अभ्यर्थी अपने बायोडाटा के साथ रोजगार मेले में भाग ले सकते हैं। अधिक जानकारी आधिकारिक ट्विटर हैंडल @SaraikelaMCC पर उपलब्ध है।यह पूरी प्रक्रिया पूर्णतः निशुल्क है।



