बुरुहातु में सड़क निर्माण में धांधली और मनमानी का आरोप, ग्रामीणों ने रोका काम , JLKM उपाध्यक्ष पहुंचे

ईचागढ़, 09 अगस्त : ईंचागढ़ प्रखंड के मैसाड़ा पंचायत अंतर्गत कड़का से मैसाड़ा मार्ग पर बुरुहातु गांव में बन रही सड़क पर शनिवार को बड़ा विवाद खड़ा हो गया। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि सड़क का निर्माण पूरी तरह अनियमित तरीके से किया जा रहा है। मेटेरियल की गुणवत्ता बेहद खराब है और कार्य बिना ग्रामीण प्रधान को सूचित किए तथा शिलान्यास पट्टिका लगाए बिना शुरू कर दिया गया है। ग्रामीणों का कहना है कि निर्माण कार्य में थर्ड ग्रेड सामग्री का इस्तेमाल किया जा रहा है, जिससे साफ झलकता है कि सड़क निर्माण में भारी धांधली और मनमानी की जा रही है। स्थिति इतनी खराब है कि निर्माण के दौरान जगह-जगह बीच रास्ते को काटकर गड्ढे बना दिए गए और पुराने बने पीच सड़क को उखाड़कर ऐसे ही छोड़ दिया गया है, जिससे लोगों का आना-जाना बेहद मुश्किल हो गया है। ग्रामीणों के अनुसार, जब इस बारे में ठेकेदार से पूछा जाता है, तो जवाब मिलता है कि “बारिश के बाद काम होगा।”

विरोध के दौरान मटेरियल जांच की उठी मांग
इसकी सूचना पाकर झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा के केंद्रीय उपाध्यक्ष एवं ईचागढ़ विधानसभा क्षेत्र से पूर्व प्रत्याशी तरुण महतो मौके पर पहुंचे। निरीक्षण के दौरान तरुण महतो ने कई जगह सड़क की परत उखड़ी हुई और बेहद खराब हालत में पाई। उन्होंने ठेकेदार और उसके प्रतिनिधि के आचरण की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि अगर ग्रामीणों के साथ इस तरह का व्यवहार जारी रहा और सड़क निर्माण में धांधली व मनमानी रोकी नहीं गई, तो JLKM खुला विरोध करेगी और आंदोलन तक करने से पीछे नहीं हटेगी। तरुण महतो के साथ ग्रामीणों ने भी स्पष्ट कहा है कि वे घटिया और धांधली से बनी सड़क किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं करेंगे। फिलहाल, काम रोका गया है और मेटेरियल की जांच की मांग उठी है।
इस अवसर पर ग्राम प्रधान बलभद्र गोराई, मुखिया प्रतिनिधि श्री सैनिक मांझी, JLKM के जिला उपाध्यक्ष गुरुपद महतो, जिला महासचिव रूपेश वर्मा, प्रखंड अध्यक्ष रूपेश ठाकुर, पंचायत सचिव बादनु गोप, सक्रिय सदस्य आकाश गोप व सुधांशु महतो उपस्थित रहे। वहीं, ग्रामीणों में शंकर चंद्र गोप, आलोक, बालभद्र, ईश्वर, कामदेव, निर्भय, राजेश, राजू, राकेश, भैरव गोप, शिवकुमार गोप, युधिष्ठिर, अजय कैवर्त, कांता कैवर्त, फाल्गुनी, सरोज गोराई, सूरज प्रामाणिक, बबलू रजक सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे।



